ताजा खबरें | अनंतिम कर संग्रहण विधेयक, 2023 को लोकसभा से मंजूरी

नयी दिल्ली, 19 दिसम्बर लोकसभा ने अनंतिम कर संग्रहण विधेयक, 2023 को मंगलवार को मंजूरी दे दी, जिसके जरिये 1931 के संबंधित अधिनियम को निरस्त करने का प्रावधान किया गया है।

निचले सदन में विधेयक पर हुई चर्चा का वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा संक्षिप्त जवाब दिये जाने के बाद इसे ध्वनिमत से पारित कर दिया गया।

सीतारमण ने कहा कि करों के अनंतिम संग्रह विधेयक 2023 में 1931 के विधेयक के मौजूदा प्रावधानों को शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि सट्टा गतिविधि को रोकने के लिए बजट में सीमा शुल्क और उत्पाद शुल्क दर में बदलाव को तत्काल प्रभाव से लागू करने के लिए यह प्रावधान हर साल लागू किया जाता है।

वित्त मंत्री ने कहा कि अंतरिम अवधि में उत्पन्न होने वाली किसी भी संभावित अस्पष्टता (या भ्रम) को दूर करने के उपाय के तौर पर इस विधेयक को लाया गया है।

इससे पहले चर्चा की शुरुआत करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जयंत सिन्हा ने झारखंड में कांग्रेस के एक राज्यसभा सदस्य के घर से करोड़ों रुपये की नकदी बरामद किये जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि शराब व्यापार में लिप्त सांसद के घर में 350 करोड़ रुपये से ज्यादा नकद राशि मिली है।

उन्होंने कहा, ‘‘विपक्ष का नकद का व्यापार चल रहा है, अभी भी ऐसे नेता और अधिकारी मौजूद हैं जो कर दायरे में नहीं आना चाहते हैं।’’

वाईएसआर कांग्रेस की बी वी सत्यवती ने भी चर्चा में हिस्सा लिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)