महाराष्ट्र में लॉकडाउन प्रतिबंध क्षेत्रवार तरीके से हटाए जाएंगे : उद्धव ठाकरे
‘लाइव वेबकास्ट’ में उन्होंने कहा कि लॉकडाउन के नियमों में जल्दबाजी में कोई ढील नहीं दी जाएगी।
मुम्बई, एक मई महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने शुक्रवार को कहा कि कोरोना वायरस महामारी से निपटने के लिए लगाए गए लॉकडाउन के प्रतिबंधों को क्षेत्रवार तरीके से हटाया जाएगा और पूरी सावधानी बरतते हुए नियमों में ढील दी जाएगी।
‘लाइव वेबकास्ट’ में उन्होंने कहा कि लॉकडाउन के नियमों में जल्दबाजी में कोई ढील नहीं दी जाएगी।
उन्होंने कहा, ‘‘ हम पूरी सावधानी से चलेंगे। कोविड-19 के रेड जोन मुम्बई, पुणे, नागपुर और औरंगाबाद से लॉकडाउन हटाना किसी के हित में नहीं है, जहां वायरस के मामले लगातार बढ़ रहे हैं।’’
ठाकरे ने कहा कि ऑरेंज जोन में हालांकि कोई नए मामले नहीं हैं, लेकिन वहां कुछ संक्रमित लोगों का इलाज जारी है। जबकि ग्रीन जोन में वायरस का कोई मामला नहीं है।
उन्होंने कहा, ‘‘ हम ग्रीन जोन में भी कोई जोखिम नहीं उठा सकते। ढील सावधानीपूर्वक और चरणबद्ध तरीके से दी जाएगी।’’
लॉकडाउन के कारण लोगों को परेशानी होने की बात स्वीकार करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘ किसी भी देश की वास्तविक संपत्ति उसके लोगों का अच्छा स्वास्थ्य है। अगर लोग सुरक्षित हैं तो सब सही है।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों के दिमाग में कोविड-19 को लेकर डर है। इसे उन्होंने ‘‘कोविड-सिंड्रोम’’ करार दिया।
उन्होंने कहा, ‘‘ हमें इससे बाहर निकलना होगा। हमें पता होना चाहिए कि अगर इस बीमारी का समय पर पता चल जाए, तो इलाज मुमकिन है।’’
ठाकरे ने कहा कि वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने की दिशा में लॉकडाउन एक ‘स्पीड ब्रेकर’ साबित हुआ है। वहीं राज्य में अधिक जांच के कारण अधिक मामले भी सामने आए हैं।
उन्होंने लोगों को राज्य के 60वें स्थापना दिवस की शुभकामनाएं भी दीं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 01, 2020 05:24 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

