देश की खबरें | उपराज्यपाल सिन्हा का जम्मू कश्मीर में पंचायती राज संस्थानों को और कुशल एवं प्रभावी बनाने का संकल्प

जम्मू, 24 अप्रैल जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सोमवार को इस केंद्रशासित प्रदेश में पंचायती राज संस्थानों को और सशक्त, कुशल एवं प्रभावी बनाने का दृढ संकल्प व्यक्त किया।

वह सीमावर्ती सांबा जिले के पल्ली में, पंचायती राज दिवस के अवसर पर एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

पिछले साल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 500 किलोवाट का सौर संयंत्र राष्ट्र को समर्पित किये जाने के साथ ही पल्ली ने देश की पहली, ‘कार्बन मुक्त पंचायत’ बनने का गौरव हासिल कर लिया।

उपराज्यपाल ने आज केंद्रशासित स्तर के पंचायत पुरस्कार भी प्रदान किए, सामुदायिक भागीदारी के लिए ‘मेरा सांबा’ स्वच्छता ऐप शुरू किया तथा सांबा के लिए 18 एवं अनंतनाग के लिए छह ‘स्मार्टपुर’ का उद्घाटन किया।

गौरतलब है कि ‘डिजिटल एम्पॉवरमेंट फाउंडेशन’ (डीईएफ) के तहत स्मार्टपुर एक सक्रिय और बड़े पैमाने की परियोजना है। स्मार्टपुर वह मॉडल है जो डिजिटल बुनियादी ढांचे की उपलब्धता पर अधिक जोर देता है।

सिन्हा ने कहा, ‘‘ आम आदमी और पंचायतों के सामूहिक प्रयास केंद्रशासित प्रदेश के छोटे गांवों के बड़े सपनों को साकार करने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। जम्मू कश्मीर में त्रिस्तरीय जमीनी लोकतंत्र को स्थापित कर एवं उसे मजबूत कर प्रधानमंत्री मोदी ने तीव्र एवं समावेशी विकास सुनिश्चित किया है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ पंचायत राज संस्थानों को और सशक्त, कुशल एवं प्रभावी बनाना हमारा दृढ़ संकल्प है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)