देश की खबरें | उपराज्यपाल सिन्हा अस्पताल पहुंचे, मुठभेड़ में घायल पुलिसकर्मियों का हालचाल जाना

जम्मू, 30 मार्च जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा रविवार को जम्मू के सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे और इस सप्ताह की शुरुआत में कठुआ जिले में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में घायल हुए पुलिस कर्मियों के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली।

सफियान के सुदूर वनक्षेत्र में 27 मार्च को हुई मुठभेड़ में चार पुलिसकर्मियों ने अपनी जान गंवा दी थी और दो आतंकवादी मारे गए थे।

माना जाता है कि मारे गए आतंकी पाकिस्तान के आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े थे। मुठभेड़ में तीन पुलिसकर्मी घायल भी हुए थे।

अधिकारियों ने बताया कि वरिष्ठ चिकित्सकों की एक टीम ने सिन्हा को उपमंडल पुलिस अधिकारी (सीमा, कठुआ) धीरज कटोच और विशेष पुलिस अधिकारी भरत जल्होत्रा ​​के स्वास्थ्य और जारी चिकित्सा प्रक्रियाओं के बारे में जानकारी दी।

उपराज्यपाल ने घायल पुलिसकर्मियों के परिवार के सदस्यों से भी मुलाकात की और उन्हें हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।

उन्होंने अस्पताल प्रशासन को पुलिसकर्मियों के शीघ्र स्वस्थ होने के लिए सर्वोत्तम संभव उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एक अन्य घायल पुलिस अधिकारी का कठुआ के एक अस्पताल में इलाज जारी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)