देश की खबरें | दिल्ली के उपराज्यपाल, मुख्यमंत्री ने जल रेगुलेटर के मरम्मत कार्य का निरीक्षण किया

नयी दिल्ली, 14 जुलाई दिल्ली के उपराज्यपाल वी. के. सक्सेना और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इंद्रप्रस्थ पर जल रेगुलेटर (गति व्यवस्थापक) के मरम्मत कार्य का शुक्रवार को निरीक्षण किया। रेगुलेटर को क्षति पहुंचने के कारण रिंग रोड और आईटीओ के कुछ हिस्सों में पानी भर गया और बाढ़ का पानी उच्चतम न्यायालय परिसर के निकट भी पहुंच गया।

उपराज्यपाल कार्यालय की ओर से बाद में कहा गया कि टूटे हुए जल रेगुलेटर पर तटबंध 80 प्रतिशत पूर्ण कर लिया गया है और सेना आज रात काम खत्म कर लेगी।

सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के रेगुलेटर को क्षति पहुंचने के बाद आईटीओ और राजघाट समेत कई इलाकों में जलभराव हो गया।

सेना, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के साथ-साथ बाढ़ नियंत्रण विभाग और दिल्ली सरकार के दिल्ली जल बोर्ड के कर्मी बाढ़ के पानी को नियंत्रित करने के लिए एक साथ मिलकर काम कर रहे हैं।

सक्सेना और केजरीवाल दोनों ने उम्मीद जताई कि स्थिति को जल्द ही नियंत्रित कर लिया जायेगा।

केजरीवाल ने ‘पीटीआई’ की वीडियो सेवा से कहा कि यमुना नदी से जल प्रवाह इतना तेज था कि इसने रेगुलेटर को क्षति पहुंचायी और पानी शहर में घुस गया। उन्होंने कहा कि यमुना में जल स्तर कम हो रहा है लेकिन इसने रेगुलेटर को नुकसान पहुंचाया है जिससे आईटीओ तथा आसपास के इलाके जलमग्न हो गए हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘श्रमिकों तथा इंजीनियरों ने पानी को शहर में घुसने से रोकने के लिए मिट्टी की एक दीवार बनाने के वास्ते रात भर काम किया। सेना और एनडीआरएफ भी अभियान में शामिल हो गये हैं इसलिए मुझे लगता है कि हम जल्द ही पानी को रोक पाएंगे।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि यमुना में जल स्तर कम होना शुरू हो गया है और लोगों को जल्द ही बाढ़ से राहत मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजघाट में एक नाले से पानी के विपरीत दिशा से अवांछित प्रवाह के कारण इलाके में बाढ़ आ गयी है।

इंद्रप्रस्थ में दिल्ली सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग के रेगुलेटर को बृहस्पतिवार शाम को नुकसान पहुंचने के कारण उफान पर बह रही यमुना नदी का पानी शुक्रवार को मध्य दिल्ली में उच्चतम न्यायालय के प्रवेश द्वार तक पहुंच गया है।

रेगुलेटर का निरीक्षण करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में सक्सेना ने कहा, ‘‘सेना, एनडीआरएफ, सिंचाई विभाग और जल बोर्ड एक साथ काम कर रहे हैं और मुझे अगले चार-पांच घंटे में कुछ सकारात्मक नतीजे मिलने की उम्मीद है।’’

पूर्वी दिल्ली को लुटियंस दिल्ली से जोड़ने वाले महत्वपूर्ण मार्ग आईटीओ रोड पर जलभराव के कारण यात्रियों को काफी समस्याएं हुईं। कुछ लोगों को आईटीओ के जलभराव वाले हिस्से में अपने वाहनों को खींचकर ले जाते हुए देखा गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)