पालघर, 19 जून महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव की पूर्व संध्या पर, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) उम्मीदवार एकनाथ खडसे ने रविवार को बीवीए नेता और वसई से विधायक हितेंद्र ठाकुर से मुलाकात की तथा शिवसेना के नेतृत्व वाले महा विकास अघाड़ी (एमवीए) और विपक्षी भाजपा के बीच कड़े मुकाबले में अपनी पार्टी के लिए समर्थन मांगा।
हाल ही में, राकांपा, कांग्रेस और भाजपा के उम्मीदवारों ने 20 जून को होने वाले चुनाव में बहुजन विकास अघाडी (बीवीए) के समर्थन के लिए ठाकुर से अलग-अलग मुलाकात की थी। बीवीए के विधानसभा में तीन विधायक हैं। विधान परिषद की 10 सीट के लिए 11 उम्मीदवार मैदान में हैं।
बाद में ठाकुर के कार्यालय परिसर में पत्रकारों से बातचीत में खडसे ने स्वीकार किया कि उन्होंने चुनाव में बीवीए से समर्थन मांगा।
उन्होंने कहा, “मैं हितेंद्र ठाकुर को 32 साल से अधिक समय से जानता हूं। हमारे अच्छे संबंध हैं। हम राजनीति से परे एक-दूसरे को जानते हैं। आज हमने पारिवारिक मामलों पर चर्चा की और राजनीति के बारे में ज्यादा बात नहीं की।”
खडसे ने कहा कि यह ठाकुर पर है कि वह किसे मत देते हैं।
उन्होंने कहा, “मुझे उम्मीद है कि वह सही फैसला लेंगे।” ठाकुर ने चर्चा के दौरान अपने निर्वाचन क्षेत्र में विभिन्न मुद्दों का हवाला दिया।
पिछले साल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) छोड़ने वाले खडसे ने यह भी दावा किया कि उनकी मूल पार्टी (भाजपा) के कई विधायक उनके समर्थक हैं।
उन्होंने कहा कि कुछ विधायक (भाजपा में) उनके संपर्क में हैं, लेकिन वे विधान परिषद चुनाव में उन्हें वोट देने के लिए पार्टी की सीमा नहीं लांघेंगे।
उन्होंने दावा किया, “जलगांव में न केवल दो विधायक, बल्कि भाजपा में कई (विधायक) भी मेरा समर्थन करते हैं। मैंने चुनाव लड़ने के लिए कई लोगों को टिकट दिलाने में मदद की थी। मैंने कई विधायकों को मंत्री पद हासिल करने में मदद की। उनमें से कई मुझसे स्नेह करते हैं।”
खडसे ने कहा कि एमवीए- जिसमें शिवसेना, राकांपा और कांग्रेस शामिल हैं- के सभी छह उम्मीदवार चुनाव जीतेंगे।
चुनाव में बीवीए के रुख को लेकर ठाकुर ने कोई प्रतिबद्धता जाहिर नहीं की है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY