देश की खबरें | वाम दलों के नेताओं ने अहमद पटेल के निधन पर जताया शोक
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. वाम दलों के नेताओं ने बुधवार को वरिष्ठ कांग्रेस नेता अहमद पटेल के निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा कि आने वाले दिनों में देश के राजनीतिक हलकों में उनकी कमी महसूस की जाएगी।
नयी दिल्ली, 25 नवंबर वाम दलों के नेताओं ने बुधवार को वरिष्ठ कांग्रेस नेता अहमद पटेल के निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा कि आने वाले दिनों में देश के राजनीतिक हलकों में उनकी कमी महसूस की जाएगी।
पटेल का बुधवार को निधन हो गया। वह 71 वर्ष के थे और कुछ हफ्ते पहले कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए थे। गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली।
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव सीतराम येचुरी ने ट्वीट किया, ‘‘वरिष्ठ राजनेता और आजीवन कांग्रेसी रहे अहमद पटेल के असामयिक निधन से गहरा धक्का लगा है। अपने जोशीले और आकर्षक व्यवहार से उन्होंने पूरे राजनीतिक क्षेत्र में अपनी पहुंच बनाई। उनके निधन से भारतीय राजनीति और संवैधानिक मूल्यों को भारी नुकसान हुआ है।’’
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) महासचिव डी राजा ने कहा कि उन्होंने आज अपना एक दोस्त खो दिया।
उन्होंने कहा, ‘‘एक मित्र के चले जाने से मुझे गहरा सदमा लगा है। वह एक कांग्रेसी थे जिन्होंने धर्मनिरपेक्ष लोकतांत्रिक ताकतों के साथ लगातार काम किया। वह अक्सर संपर्क कर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा किया करते थे। एक राजनीतिक कार्यकर्ता के रूप में वह सकारात्मक और प्रगतिशील मूल्यों के पक्षधर थे। आने वाले दिनों में उनकी कमी महसूस की जाएगी।’’
पटेल कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के विश्वस्त सहयोगियों में से एक थे और लंबे समय तक उनके राजनीतिक सलाहकार रहे। उन्हें पार्टी के संकटमोचक के रूप में भी जाना जाता था।
ब्रजेन्द्र
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)