देश की खबरें | वाम मोर्चे ने त्रिपुरा रथयात्रा हादसे की न्यायिक जांच कराने की मांग की

अगरतला, एक जुलाई वाम मोर्चे ने शनिवार को मांग की कि त्रिपुरा के उनाकोटि जिले में रथयात्रा की वापसी के दौरान करंट लगने से हुई लोगों की मौत की न्यायिक जांच कराई जाए।

गत बुधवार को उनाकोटि जिले कुमारघाट इलाके में भगवान जगन्नाथ का रथ हाई टेंशन तार के संपर्क में आ गया था, जिससे करंट लगने से दो बच्चों सहित सात लोगों की मौत हो गई थी और 16 अन्य घायल हो गए थे।

पूर्व मुख्यमंत्री माणिक सरकार के नेतृत्व में वाम मोर्चे का तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल उन परिवारों से मिला जिन्होंने हादसे में अपने प्रियजनों को खो दिया है। प्रतिनिधिमंडल ने हादसे में घायल उन मरीजों से भी मुलाकात की जिनका अस्पतालों में उपचार चल रहा है।

सरकार ने यहां आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘हम जिला मजिस्ट्रेट को कमतर नहीं कर रहे हैं जिन्हें इस दुखद घटना की जांच करनी है। हम घटना की गंभीरता को देखते हुए उच्च न्यायालय के वर्तमान न्यायाधीश से न्यायिक जांच की मांग करते हैं। ’’

वाम मोर्चे ने इसके साथ ही घटना में मारे गए प्रत्येक मृतक के आश्रित को सरकारी नौकरी और घायलों को आर्थिक सहायता देने की भी मांग की।

इस्कॉन के एक अधिकारी ने बताया है कि संगठन भी आंतरिक जांच करेगा ताकि भविष्य में ऐसे आयोजनों के लिए दिशानिर्देश तैयार किए जा सके।

त्रिपुरा में इस्कॉन के सह अध्यक्ष श्रीधाम गोविंदा दास ने कहा, ‘‘मैं पहले ही घटनास्थल का दौरा कर चुका हूं और प्रभावित लोगों से मिल चुका हूं। हम घटना की आंतरिक जांच कराएंगे और अगर कोई खामी पाई गई तो जरूरी कदम उठाएंगे। हम जल्द रथयात्रा आयोजित करने के लिए दिशानिर्देश तैयार करेंगे क्योंकि इस तरह की घटना कहीं भी घट सकती है।’’

इस बीच, त्रिपुरा पुलिस ने भी इस प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। कुमारघाट पुलिस थाने के प्रभारी शंकर दास ने दावा किया, ‘‘आयोजकों ने रथयात्रा की वापसी के लिए तय मार्ग का अनुपालन नहीं किया।’’

सरकार ने राज्य सरकार से मांग की कि वह जुलूस और रैलियों के लिए विस्तृत दिशानिर्देश बनाए ताकि भविष्य में ऐसी घटना की पुनावृत्ति रोकी जा सके।

त्रिपुरा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आशीष कुमार साहा ने भी पूर्व विधायक डी.सी.हरंगख्वाल के साथ पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और घटना की उचित जांच की मांग की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)