देहरादून, छह मई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)की उत्तराखंड इकाई के अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने प्रदेश के लिए जनसंख्या नियंत्रण कानून को जरूरी बताते हुए शनिवार को कहा कि पार्टी शीघ्र ही इस विषय पर सरकार के साथ मंत्रणा करेगी।
यहां संवाददाताओं से बातचीत में भट्ट ने कहा कि जनसंख्या नियंत्रण का विषय हम सबके सामने है और इस पर प्रदेश भर में चर्चा हो रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा देवभूमि की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक एवं धार्मिक पहचान को लेकर प्रतिबद्ध है और राज्य में जनसांख्यिकीय परिवर्तन रोकने और जनसंख्या नियंत्रण के लिए कानून को जरूरी मानती है।
भट्ट ने कहा कि पार्टी शीघ्र ही सरकार के साथ इस विषय पर मंत्रणा करेगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की पुष्कर सिंह धामी सरकार देश का सबसे सख्त धर्मांतरण कानून लाई जबकि समान नागरिक संहिता कानून का मसौदा अपने अंतिम चरण में है। उन्होंने कहा कि ‘भूमि जिहाद’ के खिलाफ सख्त भू कानून भी शीघ्र लाया जाएगा।
भट्ट ने कहा कि धामी सरकार द्वारा लिए गए निर्णय देश भर में सराहे जा रहे हैं।
एक अन्य सवाल के जवाब में भट्ट ने कहा कि मंत्रिमंडल विस्तार या दायित्व वितरण पर कर्नाटक विधानसभा चुनाव के बाद चर्चा की जायेगी।
उन्होंने कहा कि संगठन से जुड़े तमाम विषयों जैसे मंत्रिमंडल विस्तार, दायित्व वितरण या बागेश्वर उपचुनाव, सब पर कर्नाटक विधानसभा चुनावों के बाद चर्चा होगी।
गौरतलब है कि पिछले माह बागेश्वर से भाजपा विधायक और प्रदेश के कैबिनेट मंत्री चंदन रामदास के निधन से रिक्त हुई सीट पर उपचुनाव होना है।
दीप्ति
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY