कोट्टायम (केरल), 20 जुलाई केरल के पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी का उनके पैतृक गांव पुथुपल्ली में बृहस्पतिवार की मध्यरात्रि को अंतिम संस्कार किया गया।
चांडी के पार्थिव शरीर को यहां सेंट जॉर्ज ऑर्थोडॉक्स चर्च में मध्यरात्रि 12 बजकर दो मिनट पर एक विशेष कब्र में दफनाया गया।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी, पूर्व रक्षा मंत्री ए के एंटनी तथा राज्य के कई वरिष्ठ नेता अंतिम संस्कार में शामिल हुए।
पुथुपल्ली, चांडी का विधानसभा क्षेत्र भी था और पांच दशक से भी अधिक वक्त तक उन्होंने इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया था।
चांडी का मंगलवार को बेंगलुरु के एक अस्पताल में निधन हो गया था और इसके बाद तिरुवनंतपुरम के उनके आवास से 36 घंटे की यात्रा के बाद पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव पुथुपल्ली के 'करोट्टु वल्लक्कलिल' घर लाया गया।
करीब डेढ़ सौ किलोमीटर के इस मार्ग की यात्रा तीन से चार घंटे में पूरी हो जानी चाहिए थी, लेकिन इसमें काफी देरी हुई, क्योंकि हजारों लोग अपने प्रिय नेता के अंतिम दर्शनों के लिए सड़कों में उमड़ पड़े। इस कारण पार्थिव शरीर को ले जा रहे वाहन की गति को धीमा रखा गया और कई बार तो वाहन को रोकना भी पड़ा।
चांडी के पार्थिव शरीर को यहां के तिरुनक्कारा मैदान लाये जाने के बाद राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, मलयालम सिनेमा के अनेक कलाकारों और विभिन्न दलों के वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।
फिल्म अभिनेता ममूटी, सुरेश गोपी और दिलीप के साथ विभिन्न दलों के नेताओं समेत हजारों लोगों ने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि दी।
चांडी के पैतृक गांव में पार्थिव शरीर के पहुंचने पर चारों ओर माहौल गमगीन हो गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY