देश की खबरें | लखीमपुर कांड : दो आरोपी गिरफ्तार, गृह राज्य मंत्री के बेटे को पूछताछ के लिए बुलाया गया

लखनऊ/लखीमपुर खीरी (उत्तर प्रदेश), सात अक्टूबर लखीमपुर खीरी कांड मामले में पुलिस ने बृहस्पतिवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और मुख्य अभियुक्त एवं केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा के बेटे को समन भेजकर शुक्रवार को पूछताछ के लिए बुलाया है।

प्रदेश के अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) प्रशांत कुमार ने बताया कि लखीमपुर खीरी कांड मामले में दो अभियुक्तों लव कुश और आशीष पांडे को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री के बेटे और लखीमपुर कांड के मुख्य अभियुक्त आशीष मिश्रा को पूछताछ के लिए शुक्रवार पूर्वाहन 10 बजे लखीमपुर खीरी स्थित अपराध शाखा कार्यालय में बुलाया गया है।

कुमार ने बताया कि लखीमपुर में रविवार को हुई हिंसा के मामले में नामजद अभियुक्त आशीष मिश्रा के अलावा अज्ञात अभियुक्तों में से छह के नाम सामने आए हैं। इनमें से तीन अभियुक्तों की घटना वाले दिन मौके पर ही मौत हो चुकी है। बाकी चार अभियुक्तों में दो को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया गया है।

उन्होंने यह भी बताया कि बुधवार को मामले के विवेचक ने फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का दौरा किया। इस दौरान वहां मौजूद एक वाहन से 315 बोर के दो कारतूसों के खोखे बरामद हुए हैं।

लखनऊ जोन की पुलिस महानिरीक्षक लक्ष्मी सिंह ने बताया कि अगर आशीष पूछताछ के लिए नहीं आते हैं तो इसके लिए विधिक प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

उन्होंने बताया कि इस मामले में कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है। इस दौरान लखनऊ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक एस एन साबत ने पुलिस लाइन का दौरा किया।

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा के बेटे आशीष पिछली तीन अक्टूबर को लखीमपुर खीरी जिले के तिकोनिया इलाके में हुई हिंसा में चार किसानों समेत आठ लोगों की मौत के मामले के मुख्य अभियुक्त हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)