लेह, 18 अक्टूबर लेह में मंगलवार को एक वाहन के फिसलकर 100 मीटर गहरी खाई में गिर जाने से उसमें सवार चार लोगों की मौत हो गई। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान दिल्ली निवासी मोहम्मद फिरोज, रेयाज अहमद और आजम खान तथा उत्तर प्रदेश के रहने वाले जीशान अहमद के रूप में हुई है।
लेह की पुलिस अधीक्षक पीडी नित्या ने कहा कि हादसा खारदुंगला टॉप पर बर्फबारी के कारण हुआ, जिसके कारण वहां फिसलन बढ़ गई थी।
उन्होंने बताया कि आपदा मोचन बल के साथ पुलिस दल मौके पर पहुंचा और बचाव अभियान शुरू किया।
नित्या के मुताबिक, बचाव दल तीन घायलों को बचाने में कामयाब रहे थे, जबकि चौथे व्यक्ति की पहले ही मौत हो चुकी थी।
उन्होंने बताया कि हालांकि, तीनों घायलों ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
लद्दाख पुलिस ने लोगों, खासकर पर्यटकों से खराब मौसम को देखते हुए नुब्रा, पैंगोंग और ऊंचाई वाले अन्य इलाकों की यात्रा से बचने की अपील दोहराई है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY