नयी दिल्ली, 14 जून केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई में मदद के लिए अरुणाचल प्रदेश और अंडमान निकोबार द्वीप समूह से चार आईएएस अधिकारियों के दिल्ली स्थानांतरण के रविवार को आदेश दिए। केंद्र के दो अधिकारियों को भी राष्ट्रीय राजधानी में मदद के लिए संबद्ध किया गया है।
दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ उच्चस्तरीय बैठक के कुछ ही घंटे बाद यह आदेश जारी हुआ है।
गृहमंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, ‘‘गृहमंत्री अमित शाह ने कोविड-19 प्रबंधन में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली की सरकार की मदद करने के लिए तत्काल प्रभाव से चार आईएएस अधिकारियों अवनीश कुमार और मोनिका प्रियदर्शिनी (अंडमान निकोबार द्वीप समूह) और अरुणाचल प्रदेश से गौरव सिंह रजावत और विक्रम सिंह मलिक के दिल्ली स्थानांतरण का निर्देश दिया है।’’
शाह ने केन्द्र सरकार के दो वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों एससीएल दास और एसएस यादव को भी दिल्ली सरकार के साथ संबद्ध किया है।
यह भी पढ़े | कांग्रेस ने चीन के साथ सीमा विवाद पर पीएम मोदी की चुप्पी पर सवाल उठाए.
बैजल और केजरीवाल के साथ बैठक के बाद शाह ने कहा कि कोरोना वायरस उन्मूलन में मदद के लिए केन्द्र सरकार दिल्ली सरकार को पांच वरिष्ठ अधिकारी देगी।
दिल्ली में कोविड-19 के कुल मामले करीब 39,000 हो गए हैं और कोरोना वायरस संक्रमण से 1,200 से ज्यादा लोग की मौत हो चुकी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY