संयुक्त राष्ट्र, 27 अक्टूबर कोविड-19 महामारी की वजह से वैश्विक प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) प्रवाह में 2020 की पहली छमाही में पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में 49 प्रतिशत की गिरावट आई है। विकासशील देशों के मुकाबले विकसित अर्थव्यवस्थाओं में यह प्रभाव अधिक गहरा रहा। संयुक्त राष्ट्र के ताजा व्यापार आंकड़ों में यह जानकारी दी गई है।
संयुक्त राष्ट्र व्यापार एवं विकास सम्मेलन (अंकटाड) के मंगलवार को जारी वैश्विक निवेश रुख को दर्शाने वाले आंकड़ों के अनुसार महामारी की वजह से दुनियाभर में लागू लॉकडाउन से मौजूदा निवेश परियोजनाओं की रफ्तार सुस्त हुई और गहरी मंदी की आशंका को देखते हुए बहुराष्ट्रीय कंपनियों को अपनी नई परियोजनाओं का नए सिरे से आकलन करना पड़ा।
यह भी पढ़े | गुजराती फिल्म स्टार और पूर्व भाजपा विधायक नरेश कनोडिया का कोरोना से निधन.
अंकटाड के निवेश एवं उपक्रम निदेशक जेम्स झान ने कहा, ‘‘एफडीआई में गिरावट हमारे अनुमान से कहीं अधिक रही है। विशेष रूप से विकसित अर्थव्यवस्थाओं में यह अधिक रही। वहीं, साल की पहली छमाही में विकासशील अर्थव्यवस्थाओं ने इस झटके का अधिक बेहतर तरीके से सामना किया। आगे का परिदृश्य अनिश्चित बना हुआ है।’’
रिपोर्ट में कहा गया है कि विकसित अर्थव्यवस्थाओं में एफडीआई में अधिक गिरावट आई है। 2020 के पहले छह माह में विकसित अर्थव्यवस्थाओं में एफडीआई 2019 की समान अवधि की तुलना में 75 प्रतिशत घटकर 98 अरब डॉलर रह गया।
यह भी पढ़े | देश की खबरें | ‘मनुस्मृति’ विवाद : पुलिस ने भाजपा नेता खुशबू सुंदर को हिरासत में लिया.
यूरोपीय अर्थव्यवस्थाओं में एफडीआई प्रवाह में काफी कमी आई है। मुख्य रूप से नीदरलैंड और स्विट्जरलैंड में। उत्तरी अमेरिका को एफडीआई का प्रवाह 56 प्रतिशत घटकर 68 अरब डॉलर रह गया।
इस बीच, विकासशील अर्थव्यवस्थाओं में एफडीआई में 16 प्रतिशत की गिरावट आई, जो उम्मीद से कम है। मुख्य रूप से चीन को मिले निवेश की वजह से इन अर्थव्यवस्थाओं में एफडीआई में गिरावट कम रही है। एशिया में एफडीआई में 12 प्रतिशत की गिरावट आई। हालांकि, अफ्रीका में एफडीआई 28 प्रतिशत घटा है जबकि लातिन अमेरिका और कैरेबियाई देशों
में इसमें 25 प्रतिशत की गिरावट आई है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि जून, 2020 तक चालू साल के पहले छह माह में वैश्विक एफडीआई प्रवाह में एशिया का हिस्सा 50 प्रतिशत से अधिक रहा है।
वर्ष 2020 की पहली तीन तिमाहियों में सीमापार विलय एवं अधिग्रहण सौदों का मूल्य 319 अरब डॉलर रहा। वैश्विक स्तर पर विलय एवं अधिग्रहण सौदों में विकासशील देशों का हिस्सा करीब 80 प्रतिशत है। विकासशील देशों में विलय एवं अधिग्रहण में 21 प्रतिशत की गिरावट आई। हालांकि, डिजिटल उद्योग में विलय एवं अधिग्रहण गतिविधियों की वजह से यह गिरावट सीमित रही।
रिपोर्ट के अनुसार 2020 के पहले आठ माह में नई निवेश परियोजनाओं की घोषणा का आंकड़ा 358 अरब डॉलर रहा। यह भविष्य के एफडीआई के रुख को दर्शाता है।
अजय
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY