गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद कोविड-19 मृतक के परिवार को मिली मदद
जियो

अहमदाबाद, 25 मई कोविड-19 से जान गंवा चुके एक व्यक्ति के परिवार को, गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री शंकर सिंह वाघेला के हस्तक्षेप के बाद, सोमवार को मदद मिली जब अहमदाबाद नगर निकाय ने एक टीम को भेजकर जांच के लिए परिवार के सभी सदस्यों के नमूने एकत्र किए।

परिवार को भय था कि वे भी कोरोना वायरस के संक्रमण की चपेट में आ गए हैं।

वाघेला को जब सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए वस्त्राल इलाके में रह रहे परिवार की दशा का पता चला तो उन्होंने पहले परिवार से बात की और फिर अहमदाबाद नगरपालिका के आयुक्त मुकेश कुमार से।

सोमवार सुबह ट्वीट के जरिए वाघेला ने बताया कि मामला सुलझ गया है और स्वास्थ्य टीम 30 मिनट के भीतर परिवार के आवास पर पहुंच जाएगी।

राकांपा की प्रदेश ईकाई के अध्यक्ष वाघेला ने ट्वीट किया, “इस मामले के संबंध में मैंने पहले कुमारी ऋचा से बात की और फिर मुकेश कुमार से चर्चा की जिसके बाद कदम उठाया गया और डॉक्टर 30 मिनट के भीतर पहुंच जाएंगे।”

कोरोना वायरस संक्रमण के चलते अपने पिता को खोने वाली ऋचा सिंह ने अपने परिवार को बचाने की अपील की थी। उन्होंने पुष्टि की कि वाघेला के हस्तक्षेप के बाद स्वास्थ्य अधिकारी पहुंच रहे हैं।

सिंह ने कहा, “मुझे अहमदाबाद नगरपालिका से फोन आया कि स्वास्थ्य टीम कोरोना वायरस जांच के लिए नमूने एकत्र करने जल्द मेरे घर पहुंच जाएगी। मेरे पिता की 21 मई को मौत होने के बाद से मैं लगातार नगर निकाय से जांच करने को कह रही थी। परिवार के सभी छह सदस्यों को बुखार या खांसी है। हमें डर है कि हम संक्रमित हो गए हैं।”

रविवार को उन्होंने सोशल मीडिया पर अपना गुस्सा जाहिर करते हुए आरोप लगाया था कि उनके परिवार के लगभग सभी छह सदस्यों में कोरोना वायरस के लक्षण हैं लेकिन अहमदाबाद नगरपालिका ने जांच के लिए किसी को नहीं भेजा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)