देश की खबरें | कोविड-19: दिल्ली गेट कब्रिस्तान में जगह की कमी पड़ सकती है: कब्रिस्तान प्रबंधन समिति
जियो

नयी दिल्ली, 12 जून दिल्ली में कोविड-19 के कारण मौतों की संख्या में तेजी से वृद्धि के बीच दिल्ली गेट स्थित एक नये कब्रिस्तान पर दबाव बना हुआ है और हो सकता है कि जून के अंत तक शव दफनाने के लिए कोई जगह नहीं बचे। कब्रिस्तान प्रबंधन समिति के एक सदस्य ने शुक्रवार को यह बात कही।

समिति के सदस्य मसरूर सिद्दीकी ने कहा कि यहां दरियागंज के निकट स्थित इस कब्रिस्तान में पिछले कुछ दिन से दफनाने के लिए प्रतिदिन कोविड-19 मरीजों के 10-12 शवों को लाया जा रहा है।

यह भी पढ़े | कोरोना महामारी: पीएम मोदी ने लाओस के प्रधानमंत्री थॉन्गलॉन सिसॉलिथ से फोन पर की बात: 12 जून 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

उन्होंने कहा कि एक अप्रैल से कब्रिस्तान में कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करते हुए लगभग 300 शवों को दफनाया गया है। लगभग 50 एकड़ क्षेत्र में फैले इस कब्रिस्तान में 100-150 और शवों को दफनाने के लिए स्थान है।

उन्होंने कहा, ‘‘अब तक जगह की कोई समस्या नहीं है लेकिन कोविड-19 से जान गंवाने वाले लोगों को दफनाने की वर्तमान दर यही बनी रही तो इस महीने के अंत तक हो सकता है कि शवों को दफनाने के लिए कोई जगह नहीं बचे।’’

यह भी पढ़े | सीएम उद्धव ठाकरे ने  IFLOWS का किया उद्घाटन , कहा- बाढ़ का पूर्वानुमान लगाने वाली प्रणाली मुंबई के लिए साबित होगी वरदान.

दिल्ली वक्फ बोर्ड के एक अधिकारी ने कहा कि कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करते हुए मंगोलपुरी, द्वारका, खादर और गाजीपुर के अन्य कब्रिस्तानों में भी शव दफनाये जा रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि दिल्ली गेट के निकट दफनाने के लिए शवों की संख्या अधिक है। कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करते हुए अब तक 299 शव दफनाये गये है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)