देश की खबरें | कोटा : छात्र ने दी परिवार को आत्महत्या की धमकी; पुलिस ने बचाया

कोटा (राजस्थान), 27 जून अपने परिवार को आत्महत्या करने की धमकी देने वाले 17 वर्षीय एक छात्र को कोटा पुलिस की एक टीम ने सुरक्षित बचा लिया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि छात्र कोटा में रह कर इंजीनियरिंग के पाठ्यक्रम में दाखिले की तैयारी कर रहा है।

पुलिस ने बताया कि छात्र बहुत दबाव में था और उसे घर की बहुत याद सता रही थी।

बिहार निवासी छात्र ने कोटा के महावीर नगर इलाके में एक कोचिंग संस्थान में दाखिला लिया हुआ है।

छात्र के पिता ने रविवार को ‘चाइल्डलाइन’ नंबर पर फोन करके बताया कि उनके बेटे ने घर पर फोन करके आत्महत्या करने की धमकी दी है।

चाइल्डलाइन के ऑपरेटर ने इसकी जानकारी पुलिस नियंत्रण कक्ष को दी जिसके आधार पर कार्रवाई करते हुए महावीर नगर थाने की टीम ने रंगबड़ी इलाके में छात्र का पता लगाया और 20 मिनट के भीतर उसे बचा लिया।

छात्र को बचाने वाली टीम में शामिल पुलिस के सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) हरवीर सिंह ने कहा कि छात्र पिछले तीन माह से कोटा में रह रहा है और इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहा है।

अधिकारी ने बताया कि छात्र बहुत ज्यादा दबाव में था और सही से बोल भी नहीं पा रहा था।

हरवीर सिंह ने बताया कि छात्र को बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया गया जिसने उसके अभिभावकों के कोटा पहुंचने तक उसे काउंसलिंग के लिए आश्रय गृह में रखने का आदेश दिया है।

चाइल्डलाइन के नोडल अधिकारी यज्ञ सिंह हाडा ने बताया कि छात्र को काउंसलिंग के बाद सोमवार को उसके परिजनों को सौंप दिया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)