देश की खबरें | पीठासीन उपाध्यक्ष के रूप में कोन्याक ने किया राज्यसभा की कार्यवाही का संचालन

नयी दिल्ली, 25 जुलाई राज्यसभा की सदस्य एस फान्गनॉन कोन्याक ने मंगलवार को पीठासीन उपाध्यक्ष के रूप में उच्च सदन की कार्यवाही का संचालन किया। वह ऐसा करने वाली नगालैंड की पहली महिला सदस्य हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने इसे गर्व का क्षण बताया।

कोन्याक ने एक ट्वीट में कहा कि वह इससे काफी गौरवान्वित और अभिभूत हैं।

उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आज महिलाओं को राजनीति और नेतृत्व के क्षेत्र में उचित सम्मान और स्थान दिया जा रहा है।"

कोन्याक के इस ट्वीट पर प्रधानमंत्री ने प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए लिखा, "गर्व का क्षण।"

कोन्याक ने इस अवसर के लिए राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ के प्रति भी आभार व्यक्त किया।

दरअसल, भोजनावकाश के बाद राज्यसभा में, छत्तीसगढ़ में धनुहार, धनुवार, किसान, सौंरा, साओंरा और बिंझिया समुदायों को अनुसूचित जनजाति की सूची में शामिल करने के प्रस्ताव वाले संविधान (अनुसूचित जनजाति) आदेश (पांचवां संशोधन) विधेयक, 2022 पर चर्चा हो रही थी तब उन्होंने पीठासीन उपाध्यक्ष के रूप में सदन का संचालन किया।

सदन में मौजूद सदस्यों ने मेज थपथपाकर उनका अभिनंदन किया। जब यह विधेयक पारित हुआ, उस समय कोन्याक ही उपाध्यक्ष के रूप में आसीन थीं।

उच्च सदन ने चर्चा के बाद इस विधेयक को ध्वनिमत से पारित कर दिया। विधेयक पर चर्चा के दौरान, मणिपुर हिंसा पर चर्चा की मांग कर रहे विपक्षी सदस्यों ने सदन से बहिर्गमन किया।

विधेयक के पारित होने के बाद उपराष्ट्रपति कार्यालय ने एक बयान में कहा, ‘‘एस. फान्गनॉन कोन्याक राज्यसभा की अध्यक्षता करने वाली नगालैंड की पहली महिला सदस्य बनीं।’’

राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने पिछले हफ्ते उच्च सदन के उपाध्यक्षों के पैनल का पुनर्गठन किया था और इसमें 50 प्रतिशत महिला सदस्यों को स्थान दिया गया था।

आठ सदस्यीय उपाध्यक्षों के पैनल में पी टी उषा (मनोनीत), एस. फान्गनॉन कोन्याक (भारतीय जनता पार्टी), फौजिया खान (राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी), सुलता देव (बीजू जनता दल), वी. विजयसाई रेड्डी (वाईएसआर कांग्रेस), घनश्याम तिवाड़ी (भाजपा), एल. हनुमंतय्या (कांग्रेस) और सुखेन्‍दु शेखर राय (तृणमूल कांग्रेस) शामिल हैं।

जिन चार महिला सदस्यों को पैनल में शामिल किया गया है, वह सभी पहली बार राज्यसभा की सदस्य बनी हैं।

कोन्याक भारतीय जनता पार्टी की सदस्य हैं। वह नगालैंड से राज्यसभा पहुंचने वाली पहली महिला हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)