देश की खबरें | कोलकाता : पुलिस ने गुरुदास कॉलेज में रैगिंग मामले की जांच शुरू की

कोलकाता, 30 अगस्त पश्चिम बंगाल में कोलकाता के फूलबागान इलाके में स्थित एक कॉलेज के दो पूर्व छात्रों के खिलाफ कथित तौर पर छात्रों की रैगिंग करने और उन पर राजनीतिक कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए दबाव डालने के मामले में पुलिस ने जांच शुरू की है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि गुरुदास कॉलेज के प्राचार्य ने फूलबागान पुलिस थाने में दो पूर्व छात्रों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है और आरोप लगाया कि वे नियमित रूप से संस्थान में आते हैं और बीएससी के छात्रों को राजनीतिक कार्यक्रमों में शामिल होने का दबाव बनाकर उनकी रैगिंग करते हैं।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस के अनुरोध पर सियालदह के एसीजेएम ने मामले की जांच का आदेश दिया।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने दोनों के खिलाफ पश्चिम बंगाल शैक्षणिक संस्थान रैगिंग निषेध अधिनियम, 2000 की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

इस महीने की शुरुआत में यादवपुर विश्वविद्यालय में स्नातक पाठ्यक्रम के पहले वर्ष के 17 वर्षीय छात्र की अन्य छात्रों द्वारा कथित तौर पर की गई ‘रैगिंग’ के बाद छात्रावास की बालकनी से गिरने से मौत हो गई थी।

पुलिस ने इस मामले में विश्वविद्यालय के कुछ पूर्व छात्रों सहित कुल 13 लोगों को गिरफ्तार किया था। इस मामले की जांच अभी जारी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)