देश की खबरें | कोलकाता : दुर्गा पूजा पंडाल में दिखेगी भारत और आयरलैंड की संस्कृतियों की झलक

नयी दिल्ली, 20 सितंबर भारत और आयरलैंड के बीच राजनयिक संबंध स्थापित होने की 75वीं सालगिरह पर दोनों देशों की संस्कृतियों की झलक दुर्गा पूजा में भी देखने को मिलेगी और इस बाबत आयरिश सांस्कृतिक समूह कोलकाता में एक पंडाल बनाने के लिए स्थानीय कलाकारों का साथ दे रहा है।

भारत स्थित आयरलैंड के दूतावास के मुताबिक, गालवे का आयरिश समूह ‘मैकनास’ और कोलकाता का ‘बेहाला नूतन दल’ मिलकर हिंदू देवी दुर्गा और आयरिश देवी दानू के सम्मान में पंडाल बना रहे हैं।

भारत में आयरलैंड के राजदूत केविन केली ने कहा, ‘‘कोलकाता में दुर्गा पूजा मेरे द्वारा देखे गए सबसे विस्मयकारी त्योहारों में से एक है। इस त्योहार की ऊर्जा, रचनात्मकता और सामुदायिक भावना अद्वितीय है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इस वर्ष हम आयरिश कलाकारों को अपने भारतीय समकक्षों के साथ मिलकर साझा सांस्कृतिक मूल्यों का जश्न मनाते हुए देखकर रोमांचित हैं। निस्संदेह यह हमारी 75वीं वर्षगांठ के समारोह का मुख्य आकर्षण होगा।’’

केली ने कहा कि आयरलैंड और भारत की साझेदारी मजबूत है तथा उनमें लगातार प्रगति हो रही है और यह ‘‘ राजनयिक संबंधों से आगे निकल गई’’ है।

आयरलैंड में लगभग 45,000 भारतीय मूल के लोग रहते हैं, जिनमें से लगभग 29,198 भारतीय मूल के व्यक्ति (पीआईओ) हैं और 18,500 अनिवासी भारतीय हैं। दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंध 1947 में स्थापित हुए थे।

धीरज नोमान

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)