Mumbai Local Ticket: मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों के लिए पश्चिमी रेलवे (WR) ने एक बड़ी सुविधा की घोषणा की है. यात्रियों को टिकट के लिए लंबी लाइनों में न खड़ा होना पड़े, इसके लिए रेलवे ने अपने उपनगरीय नेटवर्क पर 325 नई ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीनें (ATVM) लगाने का फैसला किया है. इस पहल का मुख्य उद्देश्य टिकट खिड़कियों पर भीड़ कम करना और यात्रियों को डिजिटल तथा सेल्फ-सर्विसेज की ओर प्रोत्साहित करना है.
'मेरा टिकट मेरी शान' अभियान की शुरुआत
इस नई पहल की औपचारिक शुरुआत चर्चगेट स्टेशन पर एक विशेष अभियान के साथ की गई. 'मेरा टिकट मेरी शान, विकसित भारत के लिए मेरा योगदान' शीर्षक वाले इस अभियान का उद्घाटन पश्चिमी रेलवे के प्रभारी महाप्रबंधक प्रदीप कुमार ने किया. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि एक वैध टिकट के साथ यात्रा करने वाला यात्री सीधे तौर पर रेलवे के आधुनिकीकरण और राष्ट्र निर्माण में योगदान देता है. यह भी पढ़े: Mumbai Local Train Mega Block: सेंट्रल-वेस्टर्न रेलवे लाइन पर 1 फरवरी को रहेगा मेगा ब्लॉक, मुंबईकर घर से निकलने से पहले जरूर चेक करें रूट
पुरानी मशीनों को बदला जाएगा
वर्तमान में पश्चिमी रेलवे के नेटवर्क पर 501 ATVM मशीनें कार्यरत हैं. नई योजना के तहत, इनमें से लगभग 110 मशीनों को बदल दिया जाएगा क्योंकि उन्होंने अपना परिचालन जीवनकाल पूरा कर लिया है. शेष मशीनों को स्टेशनों के भीतर अधिक रणनीतिक स्थानों और फुट ओवरब्रिज (FOB) पर स्थानांतरित किया जाएगा ताकि यात्रियों को आसानी से टिकट मिल सके.
खराब मशीनों की समस्या से मिलेगा छुटकारा
पिछले कुछ समय से यात्रियों की ओर से यह शिकायतें आ रही थीं कि कई ATVM मशीनें बंद रहती हैं या तकनीकी खराबी के कारण काम नहीं करतीं. खासकर पीक ऑवर्स के दौरान इससे यात्रियों को काफी परेशानी होती थी. रेलवे अधिकारियों का दावा है कि ये नई और अपग्रेड की गई मशीनें अधिक विश्वसनीय होंगी और तेजी से काम करेंगी, जिससे यात्रियों की निर्भरता टिकट काउंटरों पर कम होगी.
डिजिटल भुगतान और मोबाइल ऐप को बढ़ावा
इन नई मशीनों में यूपीआई (UPI) और अन्य डिजिटल भुगतान माध्यमों की सुविधा होगी, जिससे यात्रियों को कैश रखने की जरूरत नहीं पड़ेगी. इसके अलावा, रेलवे प्रशासन ने 'रेल वन' (Rail One) मोबाइल एप्लिकेशन को भी बढ़ावा देना शुरू किया है. इसकी मदद से यात्री सीधे अपने स्मार्टफोन से टिकट बुक कर सकते हैं. रेलवे का मानना है कि आधुनिक मशीनें और मोबाइल टिकटिंग मिलकर उपनगरीय रेलवे प्रणाली को अधिक कुशल और समय बचाने वाला बनाएंगे.













QuickLY