कोच्चि , 23 अक्टूबर केरल में कन्नूर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शुक्रवार को एक महिला के पास से लाखों रूपये मूल्य का सोना जब्त किया गया। अधिकारियों को संदेह है कि खाड़ी का कोई तस्कर गिरोह महिलाओं का इस धंधे के लिए उपयोग कर रहा है।
सीमाशुल्क सूत्रों बताया कि शारजाह से पहुंची 32 वर्षीय इस महिला ने सोना कथित तौर पर अपने अंत:वस्त्र में छिपा रखा था। उनके अनुसार एयर इंडिया एक्सप्रेस उड़ान से अपने भाई एवं तीन बच्चों के साथ यहां पहुंची महिला से हवाई अड्डा सीमाशुल्क के अधिकारियों ने 883 ग्राम सोना जब्त किया।
सूत्रों ने बताया कि उत्तर केरल के एक जिले की निवासी इस महिला को गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि बाद में उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया। सीमाशुल्क अधिकारियों को संदेह है कि खाड़ी में सक्रिय केरल के सोना तस्करों ने महिला की निर्धनता का फायदा उठाते हुए उसका इस्तेमाल किया है।
सूत्रों के मुताबिक प्राथमिक जांच में सामने आया है कि महिला शारजाह में कम वेतन पाने वाले अपने पति की खराब आर्थिक स्थिति के कारण वहां से लौट आई। वह अपने भाई एवं बच्चों के साथ वापसी आयी और उन सभी के लिए तस्कर गिरोह ने कथित रूप से टिकट उपलब्ध कराये।
यह भी पढ़े | Amarinder Singh on BJP: पंजाब के सीएम अमरिंदर सिंह ने बीजेपी पर समाज को बांटने का लगाया आरोप.
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि उन्हें संदेह है कि जब इस परिवार को केरल लौटने के लिए पैसे की सख्त जरूरत थी तब इस गिरोह ने महिला से संपर्क किया और उसे मुफ्त टिकटों की पेशकश की।
अधिकारी के अनुसार अनिवार्य पृथक-वास पूरा करने के बाद इस महिला को पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा।
राजकुमार उमा
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY