ईटानगर, 20 अगस्त अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने केंद्र सरकार द्वारा राष्ट्रीय भर्ती एजेंसी (एनआरए) गठित करने के फैसले का स्वागत किया जो केंद्र सरकार की अधिकतर नौकरियों के लिए ऑनलाइन समान पात्रता परीक्षा (सीईटी) कराएगी।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में एनआरए बनाने को मंजूरी दी गई थी।
फैसले की प्रशंसा करते हुए खांडू ने एक बयान में कहा कि केंद्र ने शासन में पारदर्शिता लाने और सभी को समान अवसर उपलब्ध कराने के लिए एक और ऐतिहासिक कदम उठाया है।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं राष्ट्रीय भर्ती एजेंसी गठित करने के लिए प्रधानमंत्री को बधाई देता हूं। इस सुधार से अरुणाचल प्रदेश को बहुत लाभ होगा।’’
उल्लेखनीय है कि बहु निकाय संगठन एनआरए अलग से स्नातकों, 12वीं और दसवी कक्षा उत्तीर्ण उम्मीदवारों के लिए गैर तकनीकी पदों पर तीन स्तरीय परीक्षा कराएगी जिन्हें मौजूदा समय में कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी), रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) और बैंकिंग कार्मिक चयन संस्थान (आईबीपीएस) कराते हैं।
केंद्र के प्रस्ताव के मुताबिक छात्रों की सुविधा के लिए प्रत्येक जिले में परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे। इस दौरान 117 अकांक्षी जिलों में परीक्षा अवसंरचना बनाने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
खांडू ने कहा कि इस कदम से गरीब उम्मीदवारों को लाभ होगा जो मौजूदा प्रणाली में विभिन्न एजेंसियों द्वारा आयोजित परीक्षा में शामिल होते हैं और उन्हें परीक्षा शुल्क, यात्रा, भोजन आदि पर खर्च करना पड़ता है।
एक ही परीक्षा होने से ऐसे छात्रों पर से आर्थिक बोझ कम होने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘एक एकल पात्रता परीक्षा से भर्ती चक्र में उल्लेखनीय कमी आएगी क्योंकि भर्ती अब सीईटी अंक के आधार पर होगी।’’
गौरतलब है कि हर साल केंद्र सरकार में 1.5 लाख रिक्तियों के लिए ढाई से तीन करोड़ उम्मीदवार आवेदन करते हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY