देश की खबरें | केशव मथुरा के दौरे पर, नंदी पहुंचे बरेली

मथुरा/बरेली, 29 अप्रैल उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता 'नंदी' ने शुक्रवार को क्रमशः मथुरा और बरेली का दौरा किया।

मौर्य ने मथुरा में शुक्रवार को जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ निर्माणाधीन परियोजनाओं, लाभार्थीपरक योजनाओं, प्रदेश सरकार की कार्य योजना पर समीक्षा बैठक की।

समीक्षा बैठक में मौर्य ने आगामी पांच वर्ष में उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा, कार्यप्रणाली एवं हर घर के द्वार पर सरकार के लक्ष्य को लागू करने के निर्देश सभी सम्बंधित अधिकारियों को दिए।

उन्होंने कहा कि सरकार लोगों को बुनियादी सुविधाएं दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और अधिकारी जनता के हितों को सर्वेापरि रखते हुये कार्य करें।

बैठक के पश्चात उप मुख्यमंत्री ने जिला संयुक्त चिकित्सालय वृंदावन में औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इस बीच, बरेली पहुंचे कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता 'नंदी' ने समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी पर तंज कसा।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव चांदी की चम्मच लेकर पैदा हुए हैं, उनका जमीनी हकीकत और आम जनता से कोई सरोकार नहीं है । नंदी ने व्यंग्यात्मक शैली में कहा कि पप्पू ने कांग्रेस को खत्म कर दिया और टीपू (अखिलेश यादव) ने सपा को समाप्तवादी पार्टी बना दिया है।

सं जफर

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)