कोट्टायम (केरल), तीन फरवरी केरल में सोमवार तड़के एक ‘हिस्ट्रीशीटर’ द्वारा कथित तौर पर हमला किए जाने के कारण सिविल पुलिस के एक अधिकारी की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, मृतक श्याम प्रसाद (44) कोट्टायम पश्चिम थाने में सिविल पुलिस अधिकारी (पुलिस कांस्टेबल) के पद पर तैनात थे।
उसने बताया कि कई आपराधिक मामलों में संलिप्त जिबिन जॉर्ज को इस घटना के संबंध में हिरासत में लिया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, यह घटना सड़क किनारे स्थित एक भोजनालय में हुई, जहां जिबिन कथित तौर पर उपद्रव मचा रहा था।
पुलिस ने बताया कि ड्यूटी के बाद घर जा रहे श्याम प्रसाद ने हस्तक्षेप किया और उससे पूछताछ की लेकिन तभी आरोपी ने अधिकारी पर हमला कर दिया।
पुलिस के अनुसार, हमले के बाद श्याम प्रसाद बेहोश हो गए और वहां मौजूद लोगों ने उन्हें पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी मौत हो गई। घटना के तुरंत बाद कुमारकोम थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक गश्त दल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों को देखकर जिबिन ने भागने की कोशिश की, लेकिन उसे पकड़ लिया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को बाद में अदालत में पेश किया जाएगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY