देश की खबरें | केरल सरकार आवारा कुत्तों के हमले में मारे गए दिव्यांग लड़के के परिवार को 10 लाख रुपये की सहायता देगी

तिरूवनंतपुरम, 27 जून केरल सरकार ने उस दिव्यांग लड़के के परिवार को 10 लाख रुपये की वित्तीय सहायता देने की मंगलवार को घोषणा की, जिसकी पिछले दिनों उत्तरी कन्नूर जिले के मुजप्पिलनगढ़ में आवारा कुत्तों के हमले में मौत हो गई थी।

केटीनकम का निहाल 11 जून को अपने घर से करीब 300 मीटर दूर गंभीर रूप से घायल मिला था और बाद में एक अस्पताल में उसकी मृत्यु हो गई थी।

मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि लड़के के परिवार को मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष (सीएमडीआरएफ) से 10 लाख रुपये की वित्तीय सहायता मिलेगी।

बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री पिनराई विजयन की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल की बैठक में यह निर्णय लिया गया।

इसके साथ ही मंत्रिमंडल ने नयी शुरू की गई राज्य प्रशासनिक सेवा के तहत भर्ती होने वाले अधिकारियों के नामों के साथ केरल प्रशासनिक सेवा के संक्षिप्त नाम "केएएस" का उपयोग करने को भी मंजूरी दे दी।

बयान में आगे कहा गया है कि प्रशिक्षण पूरा करने वाले केएएस अधिकारियों का पहला जत्था एक जुलाई को विभिन्न सरकारी विभागों में शामिल होगा। बयान के अनुसार, मंत्रिमंडल ने इस साल बकरीद के मौके पर राज्य में 28 और 29 जून को सार्वजनिक अवकाश की भी घोषणा की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)