दिल्ली/तिरुवनंतपुरम, 13 दिसंबर केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान और प्रदेश में सत्तारूढ़ वाम दल के बीच जारी विवाद के बीच, खान ने बुधवार को राज्य सरकार के आउटरीच कार्यक्रम, ‘नव केरल सदास’ के उद्देश्य पर सवाल उठाते हुए पूछा, ‘क्या यह मनोरंजन के लिए है।’
इसके तुरंत बाद, मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने खान पर पलटवार करते हुए कहा कि वह राज्य के प्रमुख के रूप में अपनी संवैधानिक स्थिति के अनुसार काम नहीं कर रहे हैं।
खान के आरोपों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नव केरल सदास का आयोजन शिकायतें इकट्ठा करने के लिए नहीं किया जा रहा है और न ही यह कोई फिजूलखर्ची है ।
खान ने इससे पहले दिन में दिल्ली में पत्रकारों से बात करते हुए कहा था कि अगर इरादा आवेदन या याचिकाएं इकट्ठा करने का था, तो उन्हें स्थानीय स्तर पर एकत्र किया जा सकता था और राज्य की राजधानी भेजा जा सकता था।
उन्होंने कहा कि लोग अपनी शिकायतें कलेक्टर, उप-कलेक्टर या स्थानीय निकाय अधिकारियों को दे सकते थे और इन्हें तिरुवनंतपुरम भेजा जा सकता था।
खान ने कहा, ‘‘अगर लोगों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान प्रदान किया जा रहा है तो यह बहुत अच्छा है। लेकिन मौके पर किसी भी समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए, क्या यह यात्रा मनोरंजन के लिए है? इसका उद्देश्य क्या है? वे कहते हैं कि उन्होंने तीन लाख से अधिक याचिकाएं एकत्र कीं। क्या इसका यही उद्देश्य है?’’
विजयन ने खान की दलीलों को खारिज किया और स्पष्ट किया कि कार्यक्रम लोगों को राज्य के सामने आ रही समस्याओं के बारे में बताने के लिए आयोजित किया जा रहा है, न कि शिकायतें एकत्र करने के लिए।
उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन जब मंत्री किसी स्थान पर जाते हैं, तो लोग अपनी शिकायतें और अनुरोध लेकर आएंगे। हमें इसकी उम्मीद थी। चूंकि कार्यक्रम में आने वाले बड़ी संख्या में लोगों से अनुरोध और शिकायतें एकत्र करना मुश्किल होगा, इसलिए हमने इसके लिए काउंटर स्थापित किए ।लेकिन, लोगों को समस्याएं समझाने को प्राथमिकता दी जा रही है ।’’
नव केरल सदास प्रदेश की वाम मोर्चा सरकार का संपर्क कार्यक्रम है, जिसके तहत मुख्यमंत्री और कैबिनेट मंत्री राज्य के सभी विधानसभा क्षेत्रों का दौरा करेंगे ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY