देश की खबरें | केरल सरकार ने कोविड के संभावित प्रसार के मद्देनजर तैयारियों का जायजा लिया

तिरुवनंतपुरम, 30 दिसंबर कुछ देशों में कोविड-19 के मामलों में वृद्धि के मद्देनजर केरल सरकार ने कोरोना वायरस के प्रसार से निपटने के उपायों को सख्त किया है।

सरकार ने 60 वर्ष से ऊपर के लोगों, अन्य बीमारियों से जूझ रहे लोगों और अग्रिम पंक्ति के स्वास्थ्यकर्मियों को टीके की खुराक लेने के लिए भी कहा है।

मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने एक बयान में कहा कि मुख्यमंत्री पिनरायी विजयन की अध्यक्षता में हुई एक बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक के दौरान वायरस के संभावित प्रकोप से निपटने की तैयारियों की समीक्षा करने के साथ ही दैनिक परीक्षण और उपचाराधीन मामलों की संख्या पर चर्चा की गई।

बयान में कहा गया है कि भीड़भाड़ वाले इलाकों, वातानुकूलित कमरों और सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनने के मुद्दे पर भी चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वायरस का नया स्वरूप फैल सकता है इसलिए, सभी को सतर्क रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि कोविड से बचाव संबंधी केंद्र के निर्देशों का पालन किया जाना चाहिए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)