देश की खबरें | केरल: अपराध शाखा ने मावुंकल से जुड़े धोखाधड़ी मामले में पूर्व डीआईजी को गिरफ्तार किया, जमानत मिली

कोच्चि, 30 जुलाई पुरानी वस्तुओं के विक्रेता मोनसन मावुंकल से जुड़े धोखाधड़ी मामले की जांच कर रही केरल पुलिस की अपराध शाखा ने इस सिलसिले में पूर्व उप महानिरीक्षक (डीआईजी) एस सुरेंद्रन को गिरफ्तार किया है।

सुरेंद्रन से पूछताछ के बाद शनिवार रात उन्हें गिरफ्तार किया गया। लेकिन बाद में उन्हें जमानत पर छोड़ दिया गया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सुरेंद्रन को अपराध शाखा ने तलब किया था और उनका बयान दर्ज किया गया।

जांच एजेंसी ने जून के आखिरी सप्ताह के दौरान पूछताछ के बाद प्रदेश कांग्रेस प्रमुख के. सुधाकरन को गिरफ्तार किया था। इस मामले में महानिरीक्षक जी. लक्ष्मण को भी आरोपी बनाया गया था।

लक्ष्मण ने शनिवार को केरल उच्च न्यायालय में याचिका दायर कर धोखाधड़ी के एक मामले में अपने खिलाफ दर्ज प्राथमिकी को रद्द करने का अनुरोध किया था।

ये तीनों भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) के अन्य प्रावधानों के अलावा धारा 468 (जालसाजी) और 420 (धोखाधड़ी) के तहत दंडनीय विभिन्न अपराधों में आरोपी हैं।

दुर्लभ और प्राचीन वस्तुओं के विक्रेता मोनसन मावुंकल को सितंबर 2021 में जिला अपराध शाखा ने गिरफ्तार किया था, जो उसके खिलाफ कई लोगों के साथ 10 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले की जांच कर रही है।

मावुंकल की गिरफ्तारी के बाद प्रदेश कांग्रेस प्रमुख सुधाकरन, भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के वरिष्ठ अधिकारियों, शीर्ष नौकरशाहों और कई अन्य लोगों के साथ आरोपी की तस्वीरें सामने आई थीं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)