तिरुवनंतपुरम/दिल्ली, पांच जुलाई केरल कांग्रेस (एम) के प्रमुख व राज्यसभा सदस्य जोस के. मणि ने मणिपुर हिंसा की जांच संयुक्त संसदीय समिति से कराने का अनुरोध किया है। मणि ने कहा कि वह चाहते हैं कि संसद के अगले सत्र में इस मुद्दे पर चर्चा की जाए।
उन्होंने दावा किया कि मणिपुर में जो हुआ है, वह केवल लोगों के बीच भड़की हिंसा नहीं है बल्कि वैसा ही एक “नियोजित नरसंहार”, जो देश के विभाजन के दौरान हुआ था।
उन्होंने बीते दो दिन में पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर के हिंसाग्रस्त इलाकों की यात्रा के बाद नयी दिल्ली में संवाददाता सम्मेलन में यह बात कही।
मणि ने केरल कांग्रेस (एम) के उपाध्यक्ष थॉमस चाझिक्कडन के साथ मीडिया से मुलाकात की। केसी (एम) केरल में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ गठबंधन वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) में प्रमुख सहयोगी दल है।
मणि ने कहा, “ मणिपुर में पिछले दो महीने से जारी सुनियोजित जातीय हिंसा की जांच संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) से कराई जानी चाहिए।”
उन्होंने कहा कि 20 जुलाई से शुरू होने वाले संसद के सत्र में अन्य कामकाज रोककर इस मुद्दे पर चर्चा होनी चाहिए।
सांसद ने कहा कि उनकी पार्टी दो दिवसीय यात्रा के दौरान मणिपुर की वास्तविक स्थिति को समझने के बाद यह मांग कर रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY