देश की खबरें | केजरीवाल ने विसावदर उपचुनाव में लोगों से आप की जीत सुनिश्चित करने का आग्रह किया

विसावदर (गुजरात), 31 मई आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को मतदाताओं से गुजरात के विसावदर विधानसभा उपचुनाव में उनकी पार्टी को विजयी बनाने का आग्रह किया, ताकि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को विधायकों की खरीद-फरोख्त करने के लिए करारा जवाब मिल सके।

दिसंबर 2023 में ‘आप’ के विधायक भूपेन्द्र भयानी के इस्तीफा देने और बाद में भाजपा में शामिल होने के बाद विसावदर सीट रिक्त हो गई थी।

जूनागढ़ जिले के विसावदर और मेहसाणा जिले के कडी में उपचुनाव 19 जून को होंगे, जबकि मतगणना 23 जून को होगी।

केजरीवाल ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, "भाजपा यहां (विसावदर) नहीं जीत सकी तो उन्होंने क्या किया, उन्होंने हमारे विधायक तोड़े और वह भाजपा में शामिल हो गए। इससे पहले, उन्होंने विसावदर से कांग्रेस विधायक के साथ भी यही किया था। अब हमारे उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित करें और यह भाजपा को करारा झटका होगा।"

केजरीवाल ने कहा कि भाजपा ने गुजरात में जीत हासिल की थी, लेकिन विसावदर में नहीं।

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्रियों केजरीवाल और आतिशी तथा पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ‘आप’ उम्मीदवार गोपाल इटालिया के लिए चुनाव प्रचार किया और पार्टी की राज्य इकाई के अध्यक्ष इसुदान गढ़वी की मौजूदगी में रोड शो भी किया।

बाद में इटालिया ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 2 जून है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस ने दोनों उपचुनावों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा अब तक नहीं की है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)