देश की खबरें | मालीवाल प्रकरण पर प्रतिक्रिया देने में केजरीवाल ने कर दी 'बहुत देर', वह भी 'नाकाफी': भाजपा

नयी दिल्ली, 23 मई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आम आदमी पार्टी पार्टी (आप) की राज्यसभा सदस्य स्वाति मालीवाल पर कथित हमले के संदर्भ में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पहली प्रतिक्रिया को ‘‘नाकाफी’’ बताया और कहा कि इसमें भी उन्होंने ‘‘बहुत देर’’ कर दी।

भाजपा नेताओं ने यह भी कहा कि केजरीवाल हर मामले में एक ‘‘असफल’’ नेता साबित हुए हैं।

मालीवाल पर केजरीवाल के निजी सहायक विभव कुमार ने 13 मई को मुख्यमंत्री आवास में कथित रूप से हमला किया था। कुमार को इस मामले में गिरफ्तार कर लिया गया है।

भाजपा की प्रतिक्रिया केजरीवाल द्वारा पीटीआई को दिए गए साक्षात्कार के एक दिन बाद आई।

केजरीवाल ने पीटीआई को दिए साक्षात्कार में कहा था कि मालीवाल से संबंधित मामले में निष्पक्ष जांच के साथ न्याय किया जाना चाहिए क्योंकि इसके दो पहलू सामने आए हैं।

उन्होंने कहा था कि अगर 'इंडिया' गठबंधन लोकसभा चुनाव जीतता है तो देश का अगला प्रधानमंत्री बनने का उनका कोई 'इरादा' नहीं है और उनका लक्ष्य देश तथा लोकतंत्र को मौजूदा 'तानाशाही' से बचाना है।

भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने केजरीवाल के इस बयान पर कि उनका अगला प्रधानमंत्री बनने का कोई इरादा नहीं है, तंज कसते हुए कहा कि आप के राष्ट्रीय संयोजक की टिप्पणी का मतलब है कि यदि विपक्षी 'इंडिया' गठबंधन चुनाव जीतता है तो देश को एक कमजोर सरकार मिलेगी।

मालीवाल मामले में केजरीवाल की प्रतिक्रिया के बारे में पूछे जाने पर भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा, "नाकाफी है...और बहुत देर हो चुकी है।" उन्होंने कहा, "केजरीवाल इतने दिनों से आरोपियों को क्यों बचा रहे थे? लोगों ने केजरीवाल का असली चेहरा बेनकाब होते देखा है। उन्होंने यह दिखाया है कि वह स्पष्ट रूप से सबसे भ्रष्ट हैं, चाहे वह शीशमहल हो या शराब घोटाला।"

गोयल ने कहा, "हर मामले में अरविंद केजरीवाल एक असफल नेता, भ्रष्ट नेता हैं। वह ऐसे व्यक्ति हैं जिन्होंने दिल्ली और देश के लोगों के साथ विश्वासघात किया है।" केंद्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री बनने का कोई ''इरादा'' नहीं होने संबंधी केजरीवाल के बयान को लेकर उन पर निशाना साधा और दावा किया कि लोकसभा चुनाव के पांच चरणों के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) पहले ही बहुमत का आंकड़ा पार कर चुका है।

गोयल ने सवाल किया, "इंडिया गठबंधन कहां है?"

न्यायपालिका पर केजरीवाल की टिप्पणी को लेकर भी गोयल ने उन पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि वह बेबुनियाद आरोप लगाकर इस पर दबाव बना रहे हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री ने पीटीआई- को दिए साक्षात्कार में कहा था कि अगर 'इंडिया' गठबंधन सत्ता में आता है तो वह न्यायपालिका को ''जबरदस्त दबाव'' से मुक्त कर देगा, जिसका वह वर्तमान में सामना कर रही है और इसके परिणामस्वरूप उन्हें पांच जून को जेल से रिहा किया जाएगा क्योंकि उनके खिलाफ सभी मामले फर्जी हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)