देश की खबरें | केजरीवाल ने पांच मोहल्ला क्लिनिक का उद्घाटन किया, भाजपा पर कसा तंज

नयी दिल्ली, 22 अगस्त भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर हमला बोलते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को आरोप लगाया कि “इन लोगों” ने दिल्ली वालों के ख़िलाफ़ बड़े-बड़े षड्यंत्र रचे और उनके के “काम रोकने की कोशिश” की। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि वह ऐसे किसी भी कदम को कामयाब नहीं होने देंगे।

आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक ने पांच मोहल्ला क्लिनिक का उद्घाटन करने के बाद सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर भाजपा का नाम लिए बिना उसे निशाने पर लिया। इन मोहल्ला क्लिनिक में से एक का संचालन पूरी तरह से महिला कर्मचारी करेंगी।

केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में कुल 533 मोहल्ला क्लीनिक (एएएमसी) हैं और अमीर लोग भी इन क्लिनिक में इलाज कराना चाहते हैं क्योंकि वहां डॉक्टर और सेवाएं अच्छी हैं।

नए पांच एएएमसी तिलक नगर के केशोपुर मंडी, शाहबाद डेयरी क्षेत्र के ब्लॉक सी, कालकाजी मार्केट के ब्लॉक एल, गोविंदपुरी के गुरु रविदास मार्ग और शाहबाद डेयरी क्षेत्र के ब्लॉक डी में स्थित हैं।

केजरीवाल ने ‘एक्स’ पर कहा, “ इन लोगों ने दिल्ली वालों के ख़िलाफ़ बड़े-बड़े षड्यंत्र रचे, दिल्ली वालों के काम रोकने की कोशिश की। लेकिन मैं हर दिल्लीवासी को ये भरोसा दिलाता हूं कि कोई काम रूकने नहीं दूंगा।”

उन्होंने कहा, “दिल्ली में आज पांच नए मोहल्ला क्लीनिक की शुरुआत की। पिछले एक साल में दिल्ली के सभी मोहल्ला क्लीनिक में दो करोड़ से ज़्यादा लोगों ने अपना इलाज कराया। लोगों को मोहल्ला क्लीनिक से बहुत फ़ायदा मिलता है।”

भाजपा की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।

केशोपुर मंडी में एक नए मोहल्ला क्लीनिक का उद्घाटन करने के बाद केजरीवाल ने कहा कि 2022-23 में एएएमसी में आने वाले मरीजों की संख्या दो करोड़ से अधिक थी और इस दौरान 10 लाख से अधिक परीक्षण किए गए थे।

दिल्ली में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवा प्रणाली को बढ़ावा देने के लिए मोहल्ला क्लीनिक केजरीवाल सरकार के प्रमुख कार्यक्रमों में से एक है।

अपने संबोधन में केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में और मोहल्ला क्लिनिक की मांग की जा रही है। इस अवसर पर दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज, पर्यावरण मंत्री गोपाल राय और तिलक नगर के विधायक जरनैल सिंह उपस्थित थे।

केजरीवाल ने कहा, ‘‘ ग्रेटर कैलाश से विधायक सौरभ भारद्वाज ने एक बार मुझसे कहा कि उनके निर्वाचन क्षेत्र में भी एक मोहल्ला क्लिनिक खोला जाए। मुझे हैरानी हुई कि कि क्या उस क्षेत्र में इसकी जरूरत है जहां अमीर और संपन्न लोग रहते हैं।”

उन्होंने कहा कि अब ग्रेटर कैलाश में 11 एएएमसी हैं।

केजरीवाल ने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार ने सिर्फ डेढ़ साल में 660 मोहल्ला क्लीनिक खोल दिए हैं।

भारद्वाज ने कहा कि अस्पतालों में भी सेवाएं बढ़ाई जा रही हैं।

गोपाल राय ने कहा कि हाल में उच्चतम न्यायालय की संविधान पीठ ने फैसला सुनाया कि चुनी हुई सरकार को लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने का अधिकार है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली के लोगों ने बार-बार फैसला दिया है कि अरविंद केजरीवाल उनके दिलों में रहते हैं। मंत्री ने कहा कि भाजपा और केंद्र सरकार इस जनादेश को स्वीकार नहीं करती है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)