पठानकोट/नयी दिल्ली, 25 जून पठानकोट की एक सत्र अदालत जम्मू-कश्मीर के कठुआ में 2018 में एक नाबालिग लड़की के साथ बलात्कार और उसकी हत्या के मामले के मुख्य आरोपी शुभम सांगरा के खिलाफ आरोप तय करने को लेकर सोमवार को दलीलें सुनेगी।
उच्चतम न्यायालय के निर्देश के बाद यह मुकदमा जम्मू क्षेत्र के कठुआ से पंजाब के पठानकोट स्थानांतरित कर दिया गया था। इससे पहले, शीर्ष अदालत ने 2022 में घोषणा की थी कि अपराध के समय सांगरा किशोर नहीं था और उस पर वयस्क के रूप में मुकदमा चलाया जाना चाहिए।
उच्चतम न्यायालय ने जम्मू-कश्मीर उच्च न्यायालय के 27 मार्च, 2018 के उस आदेश को रद्द कर दिया था, जिसमें कहा गया था कि सांगरा को किशोर आरोपी माना जाएगा।
इसके बाद, जम्मू-कश्मीर पुलिस की अपराध शाखा ने कठुआ अदालत में सांगरा के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया था। इससे पहले आरोपपत्र किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष दाखिल किया गया था।
अपहरण और अवैध रूप से बंधक बनाने के अलावा आरोपपत्र में सांगरा पर भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) और 376 (बलात्कार) के तहत आरोप लगाया गया है।
सत्रह जून को मामले की पिछली सुनवाई के दौरान, सत्र न्यायाधीश जतिंदर पाल सिंह खुरमी ने अपने एक पन्ने के आदेश में कहा कि सभी मूल रिकॉर्ड अदालत को प्राप्त हो गए हैं और ‘‘अब, आरोप तय करने के बिंदु पर विचार के लिए मामले को 26 जून 2023 तक के लिए स्थगित किया जाता है।’’
सांगरा को कठुआ जेल से पठानकोट की उप-जिला जेल में स्थानांतरित किया गया है।
उल्लेखनीय है कि 10 जनवरी, 2018 को नाबालिग लड़की का अपहरण कर उसे बंधक बनाकर बलात्कार किया गया और बाद में उसकी हत्या कर दी गई। इस मामले की क्रूरता ने देश को झकझोर कर रख दिया था। मामले में सांगरा समेत आठ लोगों को आरोपी बनाया गया था।
सात आरोपियों के खिलाफ मामला सात मई, 2018 को उच्चतम न्यायालय के आदेश पर जम्मू-कश्मीर से बाहर पठानकोट स्थानांतरित कर दिया गया था।
विशेष अदालत ने 10 जून, 2019 को तीन आरोपियों - ‘देवस्थानम’ (मंदिर, जहां अपराध हुआ था) के देखभालकर्ता एवं मुख्य साजिशकर्ता सांजी राम और विशेष पुलिस अधिकारी (एसपीओ) दीपक खजुरिया के अलावा परवेश कुमार को आजीवन कारावास की सजा सुनाई।
तीन अन्य आरोपियों - पुलिस उपनिरीक्षक आनंद दत्त, हेड कांस्टेबल तिलक राज और एसपीओ सुरेंद्र वर्मा को सबूत नष्ट करने का दोषी ठहराया गया और प्रत्येक को पांच साल की जेल और 50,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। वे पैरोल पर बाहर हैं।
सातवें आरोपी एवं सांजी राम के बेटे विशाल जंगोत्रा को बरी कर दिया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)










QuickLY