मेंगलुरु, एक जून भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष और दक्षिण कन्नड से सांसद नलिन कुमार कटील ने बृहस्पतिवार को कहा कि कांग्रेस को बिना देरी किये राज्य में उन पांच गांरटी को लागू करना चाहिए जिनका वादा उसने विधानसभा चुनाव से पहले किया था।
मेंगलुरु में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कटील ने कहा कि अगर राज्य सरकार बिना शर्त अपने वादों को पूरा करने में असफल रही तो भाजपा सड़कों पर उतरेगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार प्रस्तावों को लागू करने के लिए अब कई दिशानिर्देशों की बात कर रही है जिनका उल्लेख चुनाव प्रचार के दौरान नहीं किया गया था; राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी जनता को धोखा देने की कोशिश कर रही है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, ‘‘कांग्रेस ने सत्ता संभालने के 24 घंटों के भीतर वादों को पूरा करने की बात की थी, लेकिन 20 दिन बीतने के बावजूद उन्हें लागू नहीं किया गया है।’’
उन्होंने दावा किया कि अगर वादों को पूरा नहीं किया गया तो भाजपा चुप नहीं बैठेगी।
कटील ने संवाददाताओं से यह भी कहा कि उन्होंने तिरुवनंतपुरम-कासरगोड वंदेभारत एक्सप्रेस को लेकर रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव से बात की है और उनसे इस ट्रेन का विस्तार मेंगलुरु तक करने का अनुरोध किया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY