बेंगलुरु, 18 जनवरी संवेदनशील सीमा विवाद को लेकर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के बयान के विरोध में बेलगावी समेत कर्नाटक के विभिन्न हिस्सों में सोमवार को प्रदर्शन हुए।
राज्य के विभिन्न दलों के नेताओं ने ठाकरे की कड़ी निंदा की।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने सोमवार को संवाददाताओं से कहा, ‘‘कर्नाटक से महाराष्ट्र को एक इंच भी जमीन देने का प्रश्न ही नहीं उठता। उन्हें केवल राजनीतिक कारणों से बयान जारी करना बंद कर देना चाहिए।’’
येदियुरप्पा ने ट्वीट किया, ‘‘मैं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के इस बयान से दुखी हूं, जिससे मौजूदा सौहार्दपूर्ण माहौल बिगड़ सकता है। मैं उम्मीद करता हूं कि एक सच्चा भारतीय होने के नाते उद्धव ठाकरे संघवाद के सिद्धांतों के प्रति प्रतिबद्धता एवं सम्मान दिखाएं।’’
ठाकरे ने रविवार को कहा था कि उनकी सरकार कर्नाटक के उन इलाकों को राज्य में शामिल करने के लिए प्रतिबद्ध हैं ,जहां मराठी भाषी लोग ज्यादा संख्या में हैं।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री कार्यालय ने एक ट्वीट में कहा था कि इस उद्देश्य के लिए बलिदान देने वालों को यह ‘‘सच्ची श्रद्धांजलि’’ होगी।
महाराष्ट्र यी आधार पर कर्नाटक के बेलगावी (पहले बेलगाम के रूप में जाने जाने वाले) तथा अन्य इलाकों पर दावा जताता है, जो पूर्ववर्ती बंबई प्रेसिडेंसी का हिस्सा थे लेकिन अब कर्नाटक राज्य में आते हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY