देश की खबरें | कर्नाटक सरकार बुधवार को गृह लक्ष्मी योजना की करने वाली है शुरूआत

बेंगलुरु, 29 अगस्त कर्नाटक में कांग्रेस सरकार एक और प्रमुख चुनावी वादा पूरा करते हुए बुधवार को मैसुरु में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में गृह लक्ष्मी योजना की शुरूआत करेगी, जिसके तहत परिवारों की करीब 1.1 करोड़ महिला मुखिया को प्रति माह 2,000 रुपये की सहायता दी जाएगी।

मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने मैसुरु के जिला मुख्यालय में प्रसिद्ध चामुंडेश्वरी मंदिर में मंगलवार को पूजा-अर्चना की। कांग्रेस अध्यक्ष एम मल्लिकार्जुन खरगे मैसुरु में एक कार्यक्रम में योजना की शुरूआत करेंगे, जिसमें पार्टी के नेता राहुल गांधी भी शामिल होंगे।

सिद्धरमैया ने अपने गृह नगर मैसुरु में संवाददाताओं से कहा, ‘‘परिवारों की करीब 1.1 करोड़ महिला मुखिया को प्रति माह 2,000 रुपये दिया जाएगा। सरकार ने चालू वित्त वर्ष में गृह लक्ष्मी कार्यक्रम के लिए 17,500 करोड़ रुपये मंजूर किये हैं।’’

गृह लक्ष्मी योजना कांग्रेस की पांच चुनाव पूर्व ‘गारंटी’ में शामिल है। पार्टी ने मई में हुए विधानसभा चुनावों में भाजपा को सत्ता से बेदखल कर दिया था।

यह पूछे जाने पर कि क्या चुनाव पूर्व दी गई ‘गारंटी’ को लागू करना एक चुनौती है, मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसा नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘राजनीतिक इच्छा शक्ति होनी चाहिए। हमारी पार्टी और सरकार के पास राजनीतिक इच्छा शक्ति है।’’

सिद्धरमैया ने कहा कि विपक्षी दल आरोप लगा रहे हैं कि सरकार चुनावी वादों को पूरा नहीं कर पाएगी और यह वित्तीय दिवालियेपन की ओर चली जाएगी, ‘‘लेकिन हम उन्हें सफलतापूर्वक लागू कर रहे हैं।’’

सिद्धरमैया ने सोमवार को कहा था कि इस महत्वाकांक्षी योजना की शुरूआत करने के लिए सार्वजनिक कार्यक्रम में करीब एक लाख लोग जमा होंगे।

उन्होंने कहा था कि यह एक सरकारी कार्यक्रम होगा, जिसमें खरगे राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष, और राहुल लोकसभा सदस्य होने के नाते कार्यक्रम में शरीक होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा था कि राज्य सरकार ने पांच गारंटी में तीन--शक्ति, गृह ज्योति और अन्न भाग्य--को पहले ही लागू कर दिया है तथा उल्लेख किया कि गृह लक्ष्मी चौथी योजना है। पांचवीं गारंटी युवा निधि है, जो राज्य के युवाओं को बेरोजगारी भत्ता देने का वादा करती है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)