शिवमोगा (कर्नाटक), 25 जून कर्नाटक में दो अलग-अलग मामलों में पांच मेडिकल छात्रों को गांजा की खेती करने और उसे बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किये गये लोगों में से तीन लोग किराये के मकान में रहते थे।
उसने बताया कि शुक्रवार को विजयपुरा और बेल्लारी इलाके से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया और उनके पास से 466 ग्राम गांजा और 20,000 रुपये मूल्य के कई अन्य प्रतिबंधित सामान जब्त किये गये।
पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई एक गुप्त सूचना के आधार पर की गई। उसने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि हेल गुरुपुरा में किराये के एक मकान में रहने वाला आरोपी स्थानीय लोगों के बीच गांजा की बिक्री करता था।
पुलिस के अनुसार एक अन्य घटना में शनिवार को यहां शिवगंगा लेआउट में किराये के एक मकान में छापेमारी कर तीन लोगों को पकड़ा गया।
पुलिस ने बताया कि तमिलनाडु का एक आरोपी विशेष बल्बों का इस्तेमाल करके तंबू के अंदर कृत्रिम धूप के जरिये एक कमरे में गांजा उगा रहा था। उसने बताया कि आरोपी ने इंटरनेट के माध्यम से गांजे की खेती के बारे में जानकारी हासिल की थी और ऑनलाइन बीज खरीदे थे।
पुलिस ने आरोपी के पास से 5,800 रुपये मूल्य के 227 ग्राम सूखा गांजा, 30,000 रुपये मूल्य के 1.53 किलोग्राम गांजा, इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, स्टेबलाइजर, हुक्का पाइप, 19 हजार रुपये की नकदी और कई अन्य सामान बरामद किये।
पुलिस ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी से संबंधित स्वापक औषधि और मन: प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस) के तहत आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)










QuickLY