देश की खबरें | कोल्हापुर में कन्नड़ झंडा जलाए जाने के खिलाफ कर्नाटक विधानसभा निंदा प्रस्ताव पारित करेगी

बेलगावी (कर्नाटक), 16 दिसंबर कर्नाटक विधानसभा ने बृहस्पतिवार को निर्णय लिया कि वह कोल्हापुर में असामाजिक तत्वों द्वारा कन्नड़ झंडा जलाए जाने के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित करेगी और उसे महाराष्ट्र सरकार के पास भेजेगी ताकि ऐसे तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करे।

महाराष्ट्र के कोल्हापुर शहर में मंगलवार को यह घटना उस समय हुई, जब कर्नाटक विधानसभा का सत्र पड़ोसी राज्य के सीमावर्ती जिले बेलगावी में चल रहा था।

महाराष्ट्र बेलगावी और कुछ सीमावर्ती इलाकों को उसके साथ मिलाए जाने की मांग कर रहा है। महाराष्ट्र का दावा है कि इन क्षेत्रों में अधिकतर निवासी मराठी बोलने वाले हैं।

कर्नाटक के राजस्व मंत्री आर. अशोक ने विधानसभा में कहा, '' हम इस घटना से आहत हैं जिसको महाराष्ट्र एकीकरण समिति और शिवसेना से जुड़े शरारती तत्वों ने अंजाम दिया। इन्हें नियंत्रित और गिरफ्तार करना महाराष्ट्र सरकार का कर्तव्य है।''

उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति से समुदायों के बीच टकराव के हालात बन सकते हैं।

मंत्री ने कहा, '' हम संबंधित मंत्री से बात करेंगे। हम एक निंदा प्रस्ताव पारित करेंगे और शरारती तत्वों के खिलाफ कार्रवाई के लिए इसे महाराष्ट्र सरकार को भेजेंगे।''

शफीक माधव

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)