एजेंसी न्यूज

खेल की खबरें | ज्योति शीर्ष पायदान पर, महिला कंपाउंड टीम और मिश्रित क्वालीफायर में भारत पहले स्थान पर

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. अनुभवी ज्योति सुरेखा वेन्नम की अगुआई में कंपाउंड तीरंदाजों ने रविवार को यहां उम्मीदों पर खरे उतरे हुए एशियाई खेलों में क्वालीफिकेशन में शीर्ष स्थान हासिल किया तथा महिला और मिश्रित जोड़ी टीम स्पर्धा में शीर्ष वरीयता हासिल की।

खेल की खबरें | ज्योति शीर्ष पायदान पर, महिला कंपाउंड टीम और मिश्रित क्वालीफायर में भारत पहले स्थान पर

हांगझोउ, एक अक्टूबर अनुभवी ज्योति सुरेखा वेन्नम की अगुआई में कंपाउंड तीरंदाजों ने रविवार को यहां उम्मीदों पर खरे उतरे हुए एशियाई खेलों में क्वालीफिकेशन में शीर्ष स्थान हासिल किया तथा महिला और मिश्रित जोड़ी टीम स्पर्धा में शीर्ष वरीयता हासिल की।

विश्व चैम्पियन ओजस देवताले और 2014 एशियाड रजत पदक विजेता अभिषेक वर्मा ने तीसरा-चौथा स्थान हासिल किया जिससे भारत ने पुरुष टीम कंपाउंड क्वालीफायर में दूसरी वरीयता प्राप्त की।

सत्ताईस साल की ज्योति ने व्यक्तिगत क्वालीफिकेशन में रविवार को दक्षिण कोरिया की प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़कर शीर्ष स्थान हासिल किया जबकि विश्व चैम्पियन अदिति स्वामी चौथे पायदान पर रही।

इन दोनों के शानदार प्रदर्शन से भारत ने टीम स्पर्धा में शीर्ष स्थान हासिल किया।

लेकिन देवताले को थोड़ी निराशा मिली जो अनुभवी जू जाएहून (712) से तीन अंक पीछे रहे। दक्षिण कोरिया ने शीर्ष दो स्थान हासिल किये जिसमें चांग चेंग वेई दूसरे स्थान पर रहे।

पुरुष कंपाउंड टीम ने 2117 अंक जुटाये और कोरिया के बराबर रही लेकिन कोरिया ने बेहतर 10 प्लस एक्स स्कोर (176 - 174) की बदौलत शीर्ष वरीयता हासिल की।

भारतीय कंपाउंड मिश्रित टीम ने भी 1413 अंक की बदौलत शीर्ष वरीयता हासिल की जिसमें वे कोरिया से दो अंक ऊपर रहे।

मिश्रित टीम स्पर्धा (रिकर्व और कंपाउंड में) एशियाड के इस चरण में नया वर्ग है। इससे एशियाड में 10 स्वर्ण पदक दाव पर लगे होगे जबकि 2018 में इनकी संख्या आठ थी।

ज्योति और देवताले भारतीयों में सर्वश्रेष्ठ रहे जिससे राउंड 16 में उनका सामना निचली रैंकिंग की संयुक्त अरब अमीरात से होगा।

ओलिंपिक खेलों में शामिल रिकर्व वर्ग के तीरंदाजों ने भी पुरुष वर्ग में अच्छा प्रदर्शन किया।

अनुभवी अतनु दास चौथे स्थान पर रहे, प्रतिभाशाली युवा तीरंदाज धीरज बोम्मदेवरा पुरुष वर्ग में कट बनाने वाले छठे स्थान के साथ अगले सर्वश्रेष्ठ भारतीय थे।

भारतीय पुरुष रिकर्व टीम को क्वालीफिकेशन में 2022 अंकों के साथ तीसरी वरीयता मिली। दक्षिण कोरिया 2048 अंकों के साथ शीर्ष पर रहा, जबकि चीनी ताइपै (2030) ने दूसरा स्थान हासिल किया।

एशियाई खेलों में अपने पहले पदक की उम्मीद लगाये ज्योति ने क्वालीफायर में शुरुआती 36 निशाने में सिर्फ पांच अंक गंवाये और कुल 355 अंक बनाये। उनके 16 निशाने बिलकुल सटीक लगे जबकि 15 निशाने सटीक के बेहद करीब रहे।

उन्होंने अगले 36 निशानों से 349 अंक के साथ शीर्ष स्थान पक्का किया।

ज्योति, अदिति और प्रणीत कौर (12वां स्थान) की भारतीय तिकड़ी ने टीम स्पर्धा में 2087 अंक बनाये। यह स्कोर कोरिया के बराबर था लेकिन अधिक सटीक निशाने के कारण भारत को पहली वरीयता मिला।

शीर्ष वरीयता के कारण भारतीय टीम को शुरुआती दौर में बाई मिली है। टीम अपना अभियान हांगकांग और बांग्लादेश के बीच होने वाले मैच के विजेता के खिलाफ शुरू करेगी।

पुरुषों के रिकर्व वर्ग में दो बार के ओलंपियन अतनु चौथे स्थान (678) के साथ शीर्ष भारतीय रहे। धीरज ने 675 अंक बनाये। तुषार शेलके 15वें स्थान पर रहे और एलिमिनेशन दौर में जगह बनाने से चूक गये। वह टीम स्पर्धा में चुनौती पेश करेंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Oct 01, 2023 04:30 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).