(वंशिका गुप्ता)
नयी दिल्ली, 27 मई कान फिल्म महोत्सव में, खुद के सिले कपड़े पहनकर फैशन जगत में तहलका मचाने और अप्रत्याशित रूप से प्रसिद्धि हासिल करने वाली नैंसी त्यागी अचानक ‘ग्लैमर’ की दुनिया में चर्चा का केंद्र बन गई हैं। अब सब पूछ रहे हैं ‘कौन है नैंसी त्यागी’?
उत्तर प्रदेश के बरनावा गांव की 23 वर्षीय नैंसी ने कान फिल्म महोत्सव में रेड कार्पेट पर कदम रखे और उसके बाद कुछ ही दिन के भीतर इंस्टाग्राम पर उनके फॉलोअर की संख्या अचानक तेजी से बढ़कर सात लाख से 20 लाख तक जा पहुंची।
सोशल मीडिया पर छा चुकी और मुख्य धारा की मीडिया की खबरों में आईं नैंसी से सोनम कपूर जैसी अभिनेत्रियों ने अपने परिधान डिजाइन करने को कहा है।
नैंसी के कान तक पहुंचने के सफर के पीछे की कहानी काफी दिलचस्प है। वह सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी के लिए 2020 में दिल्ली आई थीं लेकिन वित्तीय तंगी के कारण ऐसा नहीं कर सकीं।
उन्हें फिल्म महोत्सव में एक ‘फैशन इंफ्लुएंसर’ के रूप में आमंत्रित किया गया था और वह शुरूआत में थोड़ी डरी हुई थीं।
नैंसी ने पीटीआई- को दिये एक साक्षात्कार में कहा, ‘‘लेकिन मेरी टीम ने मुझे राजी कर लिया और मैं वहां गई। ऐसा लग रहा है कि यह मेरे जीवन का सबसे सही फैसला था। कार से नीचे उतरने तक मैं डरी हुई थी लेकिन जैसे ही उतरी मुझे बिल्कुल अलग ही अहसास हुआ।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY