नयी दिल्ली, आठ मार्च जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) ने चार साल बाद छात्रसंघ चुनाव कराने के लिए चुनाव समिति अधिसूचित की है।
पिछला जेएनयूएसयू चुनाव 2019 में हुआ था। कोविड-19 महामारी के समय से विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव स्थगित था।
अधिसूचना के अनुसार कार्यकारी समिति के सदस्यों ने 2023-24 के जेएनयूएसयू चुनाव की अध्यक्षता करने के लिए शैलेंद्र कुमार को चुनाव समिति का अध्यक्ष निर्वाचित किया है।
‘डीन ऑफ स्टूडेंट्स’ मनुराधा चौधरी ने अध्यक्ष समेत 42 विद्यार्थियों की एक सूची जारी की है। ये लोग चुनाव समिति (ईसी) का हिस्सा होंगे और मतों की गिनती और चुनाव परिणाम की घोषणा में मदद करेंगे।
छह मार्च को जारी की गयी अधिसूचना में कहा गया है, ‘‘सोलह फरवरी, 2024 को जारी किये गये परिपत्र के आलोक में सुश्री आइशी घोष और श्री मोहम्मद दानिश को 2023-24 की जेएनयूएसयू निर्वाचन प्रक्रिया शुरू करने के वास्ते चुनाव समिति के गठन को लेकर विद्यार्थियों की आमसभा के लिए अधिकृत किया गया था। इस सिलसिले में अध्यक्ष समेत चुनाव समिति की सूची सौंपी गयी थी। छात्रों की डीन उसी को अधिसूचित करती हैं।’’
चुनाव की तैयारी अब शुरू की जाएगी तथा डीन कार्यालय द्वारा छात्र संघ चुनाव कराने की तारीखों की घोषणा किये जाने के बाद उसे तेज किया जाएगा।
जेएनयू में 2019 के छात्रसंघ चुनाव में वामपंथी छात्र संगठनों एसएफआई, आईसा, एआईएसएफ और डीएसएफ के संयुक्त मोर्चे ने जेएनयूएसयू चुनाव में शानदार जीत दर्ज की थी। आइशी घोष राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के आनुषांगिक संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रत्याशी को हराकर छात्रसंघ की अध्यक्ष बनी थीं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY