जरुरी जानकारी | घाना में 5जी ढांचा खड़ा करने के लिए जियो की अनुषंगी, टेक महिंद्रा से करार

मुंबई, 27 मई घाना ने अपनी दूरसंचार क्षमता बढ़ाने के लिए 4जी और 5जी नेटवर्क के बुनियादी ढांचे के निर्माण के लिए रिलायंस जियो की एक अनुषंगी, टेक महिंद्रा और अन्य विक्रेताओं के साथ समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं।

घाना की सरकार-समर्थित नेक्स्ट-जेन इन्फ्रास्ट्रक्चर कंपनी (एनजीआईसी) ने किफायती 5जी मोबाइल ब्रॉडबैंड सेवाएं देने के लिए जरूरी बुनियादी ढांचे के निर्माण के लिए जियो की इकाई रेडिसिस, टेक महिंद्रा और नोकिया के साथ साझेदारी की है।

पश्चिम अफ्रीकी देश की संचार और डिजिटलीकरण मंत्री उर्सुला ओवसु-एकुफुल ने यहां संवाददाताओं से कहा कि समान जनांकिकी होने से भारत उनके देश के लिए एक ‘रणनीतिक पसंद’ है और दूरसंचार पहुंच में भारतीय कहानी को दोहराना चाहता है।

उन्होंने कहा, ‘‘भारत की जनांकिकी बिल्कुल हमारे जैसी है, जियो मॉडल कुछ साल पहले ही शुरू किया गया था, इसलिए इसके सबक अभी ताजा हैं।’’

एनजीआईसी को 5जी स्पेक्ट्रम आवंटित किया गया है और स्थानीय दूरसंचार कंपनियां अगले छह महीनों में सेवाएं शुरू करने के लिए साझा बुनियादी ढांचे का उपयोग करेंगी। रिपोर्ट के अनुसार, कुल अनुबंध 20 करोड़ अमेरिकी डॉलर से अधिक का है।

उन्होंने चीनी आपूर्तिकर्ताओं के बजाय भारत की कंपनियों को चुने जाने के बारे में पूछे जाने पर कहा, ‘‘यह हमारे लिए एक रणनीतिक विकल्प था। हम किसी भी भू-राजनीति में फंसना नहीं चाहते हैं। हम वही चाहते हैं जो हमारे राष्ट्रीय हित के लिए सर्वोत्तम हो।’’

इस मौके पर रेडिसिस के मुख्य कार्यकारी अरुण भिक्षेस्वरन ने कहा, ‘‘हमारा संचार मंच और डिजिटल एप्लिकेशन नए डिजिटल अनुभव बनाने में मदद करेंगे जो घाना समुदाय को सशक्त बनाएंगे और टिकाऊ एवं समावेशी विकास को बढ़ावा देंगे।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)