देश की खबरें | झारखंड के दिवंगत शिक्षामंत्री की पत्नी सोमवार को मंत्री पद की शपथ लेंगी

रांची, दो जुलाई झारखंड के दिवंगत शिक्षामंत्री जगरनाथ महतो की पत्नी बेबी देवी महतो सोमवार को दोपहर साढ़े बारह बजे हेमंत सोरेन की अगुवाई वाली संप्रग सरकार के मंत्री के तौर पर शपथ लेंगी । सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के एक नेता ने इसकी जानकारी दी ।

जगरनाथ महतो के निधन के बाद से हेमंत सोरेन सरकार की कैबिनेट में मंत्री का एक पद रिक्त है । महतो के पास स्कूल शिक्षा के अलावा साक्षरता एवं आबकारी विभाग था ।

झामुमो नेता ने बताया कि बेबी देवी बाद के प्रदेश के डुमरी विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव पार्टी के टिकट पर लड़ने की संभावना हैं ।

इस बीच, राजभवन के एक प्रवक्ता ने बताया कि बेबी देवी के शपथ ग्रहण का कार्यक्रम सोमवार को साढ़े बारह बजे होने की उम्मीद है ।

इससे पूर्व झारखंड मुक्ति मोर्चा के मुख्य प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने बताया कि दिवंगत शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो के स्थान पर उनकी पत्नी बेबी महतो को राज्य मंत्रिमंडल में शामिल करने का फैसला किया गया है और वह कल पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगी ।

उन्होंने बताया कि इस शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ उनके मंत्रिमंडल सहयोगी तथा पार्टी नेता राजभवन में उपस्थित रहेंगे।

राज्य के शिक्षा मंत्री रहे जगरनाथ महतो डुमरी विधानसभा क्षेत्र से लगातार झामुमो के चार बार विधायक रहे। जगरनाथ महतो की छह अप्रैल 2023 को असामयिक मृत्यु के बाद डुमरी विधानसभा सीट रिक्त हो गयी थी। इस विधानसभा क्षेत्र में छह अक्तूबर से पहले उपचुनाव होना है जहां से ऐसा समझा जाता है कि बेबी देवी झामुमो उम्मीदवार के तौर पर चुनाव मैदान में उतरेंगी।

बेबी ने यहां मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि वह अपने पति जगरनाथ महतो के अधूरे कार्यों को पूरा करने के लिए दिन रात काम करेंगी।

झारखंड में 81 सदस्यीय विधानसभा है, जहां मंत्रिमंडल में अधिकतम 12 मंत्री हो सकते हैं, हेमंत सरकार के मंत्रिमंडल में फिलहाल मुख्यमंत्री समेत दस मंत्री हैं।

ऐसा माना जा रहा है कि झामुमो चुनाव जीतने के पहले ही बेबी को मंत्री बना कर डुमरी उपचुनाव में उनकी जीत सुनिश्चित करना चाहती है। झामुमो ने यही फार्मूला हफीजुल अंसारी के लिए अपनाया था जिन्हें मधुपुर उपचुनाव से पूर्व ही राज्य मंत्रिमंडल में जगह दे दी गयी थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)