रामगढ़ (झारखंड), तीन दिसंबर रामगढ़ जिला पुलिस ने स्कूली छात्र-छात्राओं को नैतिक व्यवहार, साइबर सुरक्षा, सड़क सुरक्षा, पॉक्सो अधिनियम और अन्य मुद्दों के बारे में शिक्षित करने के लिए एक अनूठी पहल शुरू की है।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) पीयूष पांडे ने बताया कि जिला पुलिस मुख्यालय ने सभी थानों के प्रभारियों को छात्रों को सड़क सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम और बेहतर व्यवहार के बारे में सिखाने और प्रेरित करने के लिए स्कूलों में एक विशेष कक्षा आयोजित करने का निर्देश दिया है।
एसपी ने कहा कि वे स्कूली छात्र-छात्राओं को देश का अच्छा नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना चाहते हैं, क्योंकि आज के छात्र ही देश का भविष्य हैं।
यह कदम ऐसे समय उठाया गया है जब कुछ दिन पहले ही रामगढ़ जिले के सांडी में आर बी प्लस टू हाई स्कूल के छात्रों पर छेड़छाड़ को लेकर छात्रों के एक समूह ने हमला कर दिया था, जिसमें छात्राओं सहित कम से कम 12 विद्यार्थी घायल हो गए थे। मामले में पुलिस ने 10 छात्रों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी।
निर्देश के बाद रजरप्पा थाना प्रभारी हरि नंदन सिंह आर बी हाई स्कूल पहुंचे और करीब 50 मिनट तक उनकी कक्षा ली। सिंह ने छात्रों से कहा कि अच्छा व्यवहार, सहानुभूतिपूर्ण रवैया और सहयोगी होना उन्हें जीवन में सफल बना सकता है, क्योंकि उनके माता-पिता को उनसे बहुत उम्मीदें हैं।
आर बी प्लस टू हाई स्कूल के प्रधानाध्यापक मनोज कुमार मिश्र ने पुलिस की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा, ‘‘यह छात्रों के लिए एक बहुत ही महत्वपूर्ण पहल है। वे विभिन्न कानूनों और प्रावधानों के बारे में जानेंगे, जो उन्हें किसी भी परेशानी में पड़ने से रोक सकते हैं।’’
सेवई उत्तरी पंचायत के मुखिया कुलदीप सिंह ने पुलिस की पहल पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि इस तरह की पहल समय की मांग है। उन्होंने कहा, ‘‘इस कदम से छात्रों को सही दिशा में आगे बढ़ने में मदद मिलेगी।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY