जमशेदपुर (झारखंड), 18 सितंबर यहां के मानगो इलाके में सोमवार को बदमाशों ने एक क्षेत्रीय समाचार चैनल के कैमरामैन पर हमला किया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि अनवर शरीफ, मानगो में अपने घर के समीप एक मस्जिद में नमाज अदा करने के लिए सोमवार तड़के सुबह करीब साढ़े चार बजे पैदल जा रहे थे कि तभी चार बदमाशों ने लूट के इरादे से उन्हें रोका।
पुलिस के मुताबिक, उन्होंने अनवर पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।
पुलिस ने बताया कि घायल अवस्था में अनवर मानगो पुलिस थाना पहुंचे और मामले की सूचना दी।
बाद में, प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर के अध्यक्ष संजीव भारद्वाज के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक (देहात) ऋषभ गर्ग से मुलाकात कर उन्हें घटना से अवगत कराया और अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की। गर्ग, पुलिस अधीक्षक (नगर) का भी प्रभार संभाल रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक, इस संबंध में एक मामला दर्ज कर लिया गया है।
इस बीच, झारखंड श्रमजीवी पत्रकार संघ ने भी घटना की निंदा कर बदमाशों की गिरफ्तारी की मांग की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY