देश की खबरें | झारखंड के मुख्यमंत्री सोरेन ने छठ पर्व के मद्देनजर रांची के जलाशयों का निरीक्षण किया

रांची/जमशेदपुर, 17 नवंबर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को रांची में छठ पर्व की तैयारियों का जायजा लिया।

हेमंत सोरेन ने राजधानी के दो प्रमुख जलाशयों - कांके बांध और हटनिया तालाब का दौरा किया तथा सफाई, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं की स्थिति की समीक्षा की।

चार दिवसीय छठ पर्व (सूर्य देव की पूजा) शुक्रवार को 'नहाय खाय' अनुष्ठान के साथ शुरू हो गया। इसका समापन सोमवार सुबह सूर्य देव को अर्घ्य देने के साथ होगा।

एक अधिकारी ने कहा कि रांची के सभी 72 जलाशयों में सफाई का काम प्रगति पर है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सभी छठ घाटों को साफ-सुथरा और श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित रखने का निर्देश देते हुए उनसे नदियों, तालाबों, बांधों और अन्य जलाशयों के जल स्तर को मापने और वहां आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था करने को भी कहा।

उन्होंने छठ घाटों पर बिजली की व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया। छठ पर्व के अधिकांश अनुष्ठान जलाशयों में संपन्न किए जाते हैं।

मुख्यमंत्री ने संवाददाताओं से कहा कि सभी छठ घाटों पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘ छठ घाटों पर व्रतियों को पूजा-अर्चना करने में कोई परेशानी न हो, इसके लिए सभी आवश्यक प्रयास किये जा रहे हैं। ’’

पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने भी जमशेदपुर में छठ पर्व के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की है।

रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) किशोर कौशल ने हाल ही में स्वर्णरेखा और खरखाई नदी के विभिन्न घाटों का निरीक्षण किया था, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु सूर्य देव को अर्घ्य देंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)