रांची, तीन जुलाई झारखंड के पूर्व मंत्री जगरनाथ महतो की पत्नी बेबी देवी ने सोमवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली राज्य की संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार में मंत्री के रूप में शपथ ली।
राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन ने राजभवन में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। समारोह में मुख्यमंत्री सोरेन और अन्य मंत्री उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री सोरेन ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि सरकार स्वर्गीय जगरनाथ महतो के सपनों और अधूरे कार्यों को पूरा करेगी।
उन्होंने बेबी देवी (50) को बधाई देते हुए कहा कि वह महतो के संघर्ष और जनसेवा की साक्षी रही हैं।
झारखंड में मुख्यमंत्री समेत अधिकतम 12 मंत्री हो सकते हैं। देवी, हेमंत कैबिनेट की 11वीं मंत्री बनी।
जगरनाथ महतो के निधन के बाद हेमंत सोरेन मंत्रिमंडल में मंत्री पद खाली हुआ था। वह स्कूली शिक्षा और साहित्य एवं आबकारी मंत्री थे।
गिरिडीह जिले की डुमरी सीट से झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के चार बार विधायक रहे महतो का कोविड-19 के चलते लंबी बीमारी के बाद छह अप्रैल को चेन्नई के एक अस्पताल में निधन हो गया था।
देवी विधानसभा सदस्य बनने से पहले मौजूदा सरकार में मंत्री बनने वाली झामुमो की दूसरी नेता हैं।
इससे पहले, छह फरवरी 2021 को हफीज-उल-अंसारी ने मंत्री पद की शपथ ली थी। बाद में वह दो मई 2021 को मधुपुर से उपचुनाव जीते थे।
देवी के मंत्री बनने के बाद, झामुमो के वरिष्ठ नेता और परिवहन मंत्री चंपई सोरेन ने विश्वास जताया कि पार्टी अब डुमरी उपचुनाव अच्छे अंतर से जीतेगी।
उन्होंने कहा, ‘‘जगरनाथ बाबू के दिखाए रास्ते पर चलकर वह उनके अधूरे सपनों को पूरा करेंगी।’’
हालांकि, डुमरी विधानसभा सीट पर अभी उपचुनाव की घोषणा नहीं की गई है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY