ताजा खबरें | जदयू सांसद ने डेलकर और शर्मा की मौत के मामलों में जांच की मांग लोकसभा में उठाई

नयी दिल्ली, 17 मार्च जनता दल (यूनाइटेड) के सांसद विजय कुमार ने वर्तमान लोकसभा के दो सदस्यों मोहन डेलकर और रामस्वरूप शर्मा के निधन के मामलों का मुद्दा बुधवार को लोकसभा में उठाया और कहा कि इनकी जांच होनी चाहिए कि ‘‘दोनों सदस्यों ने ऐसा कदम क्यों उठाया।’’

कुमार ने सदन में शून्यकाल के दौरान यह विषय उठाया।

उन्होंने कहा, ‘‘पहले मोहन डेलकर मृत पाए गए। अब रामस्वरूप शर्मा ने आत्महत्या कर ली। यह जांच का विषय है कि दोनों ने आत्महत्या क्यों की?’’

विजय कुमार ने कहा कि डेलकर की पत्नी ने पत्र भी लिखा है जिसमें उनके पति को धमकी देने की बात की गई है। सवाल यह है कि सात बार का सांसद और हर मुद्दे को बेबाकी से रखने वाला व्यक्ति आत्महत्या कैसे कर सकता है?

उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की जांच की जानी चाहिए।

उल्लेखनीय है कि दादरा एवं नगर हवेली के सांसद डेलकर 22 फरवरी को मुंबई के एक होटल में मृत पाए गए थे। मंडी (हिमाचल प्रदेश) से लोकसभा सदस्य शर्मा का शव 17 मार्च को दिल्ली स्थित उनके आवास से मिला।

लोकसभा में शून्यकाल के दौरान भाजपा की रक्षा खडसे ने सरकार से आग्रह किया कि डिजिटल जनगणना में ओबीसी जनगणना अलग से कराई जाए ताकि पिछड़ी जातियों को आरक्षण का लाभ बेहतर ढंग से मिल सके।

भाजपा की मीनाक्षी लेखी ने कहा कि ओलंपिक खेलों में भाग लेने वाले खिलाड़ियों, उनके निजी स्टाफ और दूसरे संबंधित लोगों को कोरोना वायरस का टीका लगाया जाना चाहिए।

भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने मथुरा रेलवे स्टेशन के सौंदर्यीकरण का विषय उठाते हुए कहा, ‘‘मेरा सपना था कि मथुरा स्टेशन बहुत खूबसूरत हो। मैं रेल मंत्रालय को धन्यवाद करती हूं कि स्टेशन का सौंदर्यीकरण किया गया है।’’

उन्होंने मथुरा से अलीगढ़ के बीच सीधी ट्रेन चलाने की भी मांग की।

कांग्रेस की परनीत कौर ने सरकारी बैंकों के कर्मचारियों की हड़ताल का विषय उठाया और कहा कि सरकारी बैंक से आम लोगों को सुविधा मिलती है। वित्त मंत्री और प्रधानमंत्री से आग्रह है कि सरकारी बैंकों का निजीकरण नहीं किया जाए।

बीजू जनता दल के अनुभव मोहंती ने बिना ठोस सबूत के लोगों के खिलाफ मामले दर्ज किए जाने पर अंकुश लगाने के लिए व्यवस्था बनाने की जरूरत बताई।

लोजपा के सांसद प्रिंस राज ‘नो मोर 50’ लिखी हुई टीशर्ट पहनकर लोकसभा पहुंचे थे और उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि पशुओं के खिलाफ क्रूरता से संबंधित कानून को सख्त बनाया जाए।

‘नो मोर 50’ पशुओं के साथ क्रूरता को रोकने के लिए चलाया जा रहा एक अभियान है जिसके साथ कुछ सांसद और अन्य क्षेत्रों की हस्तियां भी जुड़ी हैं।

बसपा सांसद कुंवर दानिश अली ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के गन्ना किसानों को बकाये का जल्द भुगतान किया जाए।

भाजपा के देवजी पटेल ने कहा कि राजस्थान में प्रदेश की सरकार के कारण किसानों को फसल बीमा योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है, ऐसे में अगर वहां राष्ट्रपति शासन लगाने की जरूरत पड़े तो लगाया जाए, लेकिन किसानों को इस योजना का लाभ मिलना सुनिश्चित किया जाए।

बसपा के मलूक नागर, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के मोहम्मद फैजल, भाजपा के अरुण साव, कांग्रेस के कुलदीप राय शर्मा तथा कुछ अन्य सदस्यों ने अलग-अलग मुद्दे उठाए।

हक

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)