देश की खबरें | नगालैंड में जदयू प्रत्याशी के भतीजे का शव मिला

मोकोकचुंग (नगालैंड), 22 फरवरी नगालैंड के मोकोकचुंग जिले में बुधवार को जनता दल (यूनाइटेड) के एक उम्मीदवार का भतीजा मृत पाया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान इमकोंगचिबा के रूप में हुई है, जो कोरीडांग निर्वाचन क्षेत्र से जद (यू) के उम्मीदवार चालुकुम्बा ओ का भतीजा था। कोरीडांग सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के अलावा भारतीय जनता पार्टी और एनपीएफ भी चुनाव लड़ रहे हैं।

पुलिस अधिकारी ने बताया, "चुंगटिया गांव निवासी इमकोंगचिबा और एक अन्य व्यक्ति मंगलवार रात से लापता थे। बाद में दूसरा व्यक्ति घर लौट गया। लेकिन, बुधवार को इमकोंगचिबा का शव एक जंगली इलाके में सड़क के किनारे मिला।"

वहीं, घटना के बाद मौके पर पहुंचे जद (यू) उम्मीदवार ने अपने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों पर आरोप लगाते हुए कहा, "वे इस घटना के पीछे किसी तरह से शामिल हो सकते हैं... हमें अभी ज्यादा जानकारी नहीं है, केवल इतना पता है कि कुछ बदमाश शामिल थे। पुलिस को सच्चाई का पता लगाना चाहिए।"

गौरतलब है कि 60 सदस्यों वाली नगालैंड विधानसभा के लिए 27 फरवरी को वोट पडंगे और मतों की गिनती दो मार्च को होगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)